नयी दिल्ली वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने बृहस्पतिवार को कहा कि भारत-अमेरिका व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप दे दिया गया है और फिलहाल उसका कानूनी मसौदा तैयार किया जा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि इसे जल्द अंतिम रूप दिया जाएगा और भारत को प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बढ़त मिलने के बाद यह लागू होगा।
गोयल ने यहां एक कार्यक्रम में कहा ‘‘भारत-अमेरिका द्विपक्षीय व्यापार समझौते के पहले चरण को अंतिम रूप दे दिया गया है। इसको पूरा करने पर विचार किया जा रहा है और कानूनी मसौदा तैयार किया जा रहा है।
हमें उम्मीद है कि इसे जल्द अंतिम रूप दे सकेंगे और अपने प्रतिस्पर्धी देशों के मुकाबले बढ़त मिलने के बाद लागू करेंगे।’’ उन्होंने साथ ही बताया कि भारत और यूरोपीय संघ के बीच मुक्त व्यापार समझौते पर दिसंबर में हस्ताक्षर किए जाएंगे। यह अगले साल फरवरी या मार्च से लागू हो जाएगा।
इस बीच वाणिज्य सचिव राजेश अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका के साथ व्यापार समझौते पर बातचीत सही दिशा में आगे बढ़ रही है। उन्होंने यहां संवाददाताओं से कहा ‘‘संभवतः हम काफी अच्छी स्थिति में हैं। हमें उम्मीद है कि हम जल्द से जल्द समझौते को अंतिम रूप देकर उस पर हस्ताक्षर कर देंगे।’’
अग्रवाल ने कहा कि व्यापार समझौते पर हस्ताक्षर अमेरिका में शुल्क की पूरी संरचना को औपचारिक रूप दिए जाने के बाद ही किए जाने हैं।
उन्होंने कहा ‘‘अमेरिका में भी शुल्क संरचना को फिर से तय करने के लिए समानांतर काम चल रहा है। धारा-301 के तहत कुछ नतीजों के आधार पर हम दोनों पक्षों की सहमति से तय समय पर समझौते पर हस्ताक्षर करने की दिशा में आगे बढ़ेंगे।’’ समझौते के कानूनी मसौदे पर अग्रवाल ने कहा कि इस पर काम जारी है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common