नयी दिल्ली, राष्ट्रीय राजधानी में बढ़ते तापमान से निपटने के लिए दिल्ली शहरी आश्रय सुधार बोर्ड (डीयूएसआईबी) ने विभिन्न विभागों को पत्र लिखकर रैन बसरों में नियमित जलापूर्ति स्वास्थ्य जांच सफाई अभियान और स्वच्छता उपाय करने का अनुरोध किया है।
एक अधिकारी ने बताया कि डीयूएसआईबी ने नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने के लिए दिल्ली जल बोर्ड (डीजेबी) और नयी दिल्ली नगरपालिका परिषद (एनडीएमसी) से संपर्क किया है। वहीं नियमित स्वास्थ्य जांच के लिए स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग को भी पत्र भेजा गया है। उन्होंने बताया कि दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) से अनुरोध किया गया है कि वह रैन बसरों में और उसके आसपास नियमित सफाई और मच्छरों को नियंत्रित करने के भी उपाय करें।
डीयूएसआईबी ने डीजेबी और एनडीएमसी को लिखे पत्र में रैन बसेरा प्रबंधन एजेंसियों (एसएमए) द्वारा दिल्ली भर में कई रैन बसेरों में अपर्याप्त जल आपूर्ति के बारे में उठाई गई चिंताओं का भी उल्लेख किया है। इसके अलावा डीयूएसआईबी ने स्वास्थ्य एवं कल्याण विभाग को लिखे पत्र में बेघर व्यक्तियों के स्वास्थ्य का जिक्र किया। खासतौर पर गर्मियों के मौसम के दौरान।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common