शारजाह, वेस्टइंडीज के पूर्व ऑलराउंडर ड्वेन ब्रावो का मानना है कि बल्लेबाजों के बढ़ते दबदबे को देखते हुए भविष्य में एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट की एक पारी में 500 रन भी बन सकते हैं। उन्होंने इसके साथ ही गेंदबाजों से प्रासंगिक बने रहने के लिए अपने कौशल को बढ़ाने और नए-नए तरीके अपनाने की अपील की।
ब्रावो यहां वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ लीजेंड्स के दौरान वेस्टइंडीज के अपने पूर्व साथी और स्टार बल्लेबाज क्रिस गेल के साथ बात कर रहे थे।ब्रावो ने कहा ‘‘बल्लेबाजों के कौशल में काफी सुधार हुआ है। अब गेंदबाजों को सुधार करना होगा और अपने खेल में नयी चीजों को जोड़ना होगा। विश्व क्रिकेट में हो रहे बदलावों के साथ तालमेल बनाए रखने के लिए उन्हें अपने कौशल को काफी निखारना होगा।’’
उन्होंने कहा ‘‘खेल बदल रहा है। इसकी गति तेज हो गई है और यह अच्छा है लेकिन गेंदबाजों को भी इससे तालमेल बिठाना होगा। जिस तरह से बल्लेबाज निर्भीक होकर बल्लेबाजी कर रहे हैं उसे देखते हुए मुझे खुशी है कि मैंने खेलना छोड़ दिया है।’’
वहीं गेल ने बल्लेबाजों की नई पीढ़ी के निडर रवैये का स्वागत करते हुए कहा कि शुरुआत से ही आक्रामक खेलने की उनकी प्रवृत्ति के कारण हाल में बड़े स्कोर देखने को मिले हैं।
उन्होंने कहा ‘‘मुझे खुशी है कि अब गेंदबाजों की बजाय बल्लेबाज रिकॉर्ड तोड़ रहे हैं। इसका कारण यह है कि युवा खिलाड़ी अब निडर होकर खेल रहे हैं। वे पहली गेंद से ही आक्रामक रुख अपनाते हैं।’’
गेल ने कहा ‘‘खेल बदल गया है। खिलाड़ी बदल गए हैं। बल्लेबाज अब रन बनाने के लिए बेताब हैं और वे पहली ही गेंद से निर्भीक होकर बल्लेबाजी कर रहे हैं।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common