बाढ़ग्रस्त इंडोनेशिया में और बारिश होने से बचाव कार्य बाधित

लेम्बाता (इंडोनेशिया),पूर्वी इंडोनेशियाई द्वीपों और पूर्वी तिमोर में मूसलाधार वर्षाजनित विभिन्न हादसों के बाद जारी बचाव कार्य पुल और सड़कें क्षतिग्रस्त होने और भारी उपकरणों के अभाव के कारण सोमवार को बाधित हुआ।

पूर्वी इंडोनेशिया में वर्षाजनित हादसों में कम से कम 55 लोगों की मौत हो गई 40 से अधिक लोग लापता हैं वहीं पूर्वी तिमोर में 11 लोगों की मौत हो गई है। यह तबाही मचाने वाले ऊष्णकटिबंधीय चक्रवात सेरोजा के दक्षिणपूर्वी एशियाई देशों में भी पहुंचने की आशंका है। यह ऑस्ट्रेलिया की ओर दक्षिण में आगे बढ़ रहा है।

स्थानीय आपदा एजेंसी के प्रमुख लेनी ओला ने बताया कि ईस्ट नूसा टेंगारा प्रांत के एडोनारा द्वीप में आधी रात के बाद लामेनेले गांव में दर्जनों घरों पर आस-पास की पहाड़ियों से कीचड़ गिरा, जिसमें दबने से मारे गए 38 लोगों के शवों को बचावकर्मियों ने बरामद कर लिया है और कम से कम पांच लोग घायल हैं।

राष्ट्रीय आपदा शमन एजेंसी ने बताया कि बाढ़ के कारण कम से कम 17 अन्य लोगों की मौत हो गई और कम से कम 42 लोग लापता हैं।

एजेंसी के प्रवक्ता रादित्या जती ने बताया कि दूर-दराज के इलाकों में बिजली आपूर्ति ठप होने और सड़कों पर कीचड़ एवं मलबा होने के कारण राहत कार्य बाधित हुआ।

उन्होंने बताया कि सैकड़ों लोग राहत कार्य में जुटे हुए हैं। बाढ़ और भूस्खलन के कारण कम से कम नौ गांव प्रभावित हुए हैं और पांच पुलों पर मार्ग बाधित है।

प्रवक्ता ने बताया कि इस दौरान जान-माल के हुए नुकसान की सटीक जानकारी हासिल करने के प्रयास किए जा रहे हैं।

इंडोनेशिया के राष्ट्रपति जोको विदोदो ने बताया कि उन्होंने अपने कैबिनेट मंत्रियों और सेना, पुलिस एवं आपदा एजेंसी प्रमुखों को आपात कदम उठाने और बचाव एवं राहत कार्य जल्द से जल्द करने के निर्देश दिए हैं।

इस बीच, पूर्वी तिमोर की राजधानी दिली में बाढ़ और भूस्खलन के कारण 11 लोगों की मौत हो गई।

असैन्य सुरक्षा सचिव जोआक्विम जोस गुसमाओ दोस रीस मार्टिन्स ने कहा, ‘‘हम प्राकृतिक आपदों से प्रभावित हुए इलाकों का अभी पता लगा रहे हैं।’’

इंडोनेशिया की मौसम विज्ञान, जलवायु विज्ञान और भूभौतिकीय एजेंसी प्रमुख द्विकोरिता कर्णावती ने बताया कि ऊष्णकटिबंधीय चक्रवात सेरोजा के कारण पिछले तीन दिन में ऊंची लहरें उठी, तेज हवाएं चलीं और भारी बारिश हुई।

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons

%d bloggers like this: