बिहार में नर्सिंग संस्थानों को ऑनलाइन मान्यता देने की सुविधा शुरू

पटना, बिहार में नर्सिंग संस्थानों को डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए ऑनलाइन मान्यता देने की सुविधा शुरू हो गई। राज्य के स्वास्थ्य मंत्री मंगल पांडेय ने शास्त्रीनगर में स्थित ऊर्जा स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में कहा कि नर्सिंग संस्थानों के लिए अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) और अन्य प्रक्रियाएं ऑनलाइन किए जाने से पारदर्शिता बढ़ेगी।

पांडेय ने कहा कि एक दशक पहले तक राज्य में नर्सिंग संस्थान नहीं थे और मुख्यमंत्री नीतीश कुमार को इसकी गहरी टीस थी। पांडेये ने कहा कि इसी के मद्देनजर उन्होंने राज्य में नर्सिंग शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल की और मुख्यमंत्री सात निश्चय योजना के तहत तेजी से सरकारी और गैर-सरकारी नर्सिंग कॉलेज खोले गए।

उन्होंने कहा कि फिलहाल बिहार में 656 नर्सिंग कॉलेजों में नर्सिंग के विभिन्न पाठ्यक्रम संचालित हो रहे हैं और इन संस्थानों में पढ़ाई के लिए 41 065 सीट स्वीकृत हैं। स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि सरकार नर्सिंग संस्थानों की संख्या बढ़ाने के लिए कारगर पहल करेगी लेकिन संस्थानों को निर्धारित मानकों का पूरा ध्यान रखना होगा। उन्होंने कहा कि नर्सिंग शिक्षा की गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री ने पांच नर्सिंग संस्थानों के एनओसी का ऑनलाइन अनुमोदन किया और संस्थान प्रबंधन को प्रमाण पत्र प्रदान किए। विभागीय सचिव लोकेश कुमार सिंह ने कहा कि नर्सिंग संस्थानों को मान्यता देने की प्रक्रिया में डिजिटल प्लेटफॉर्म के इस्तेमाल से गुणवत्ता में सुधार होगा और पारदर्शिता कायम होगी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: