बीएसएफ महानिदेशक ने मणिपुर के मुख्यमंत्री के साथ कानून-व्यवस्था पर चर्चा की

इंफाल, सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने मंगलवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री वाई. खेमचंद सिंह से मुलाकात कर हिंसा से प्रभावित राज्य में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर चर्चा की।

यह बैठक पिछले सप्ताह राज्य में हिंसा की नयी घटनाओं के बीच हुई है। शुक्रवार और शनिवार को तीन पहाड़ी जिलों में गोलीबारी की अलग-अलग घटनाओं में कम से कम नौ लोगों की मौत हो गई थी।

खेमचंद ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ‘‘सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक प्रवीण कुमार ने बाबूपारा स्थित सचिवालय में मुझसे मुलाकात की।’’

कुमार के साथ बीएसएफ के पूर्वी कमान के अतिरिक्त महानिदेशक सुमित शरण और फ्रंटियर मुख्यालय (मिजोरम कछार) के बीएसएफ महानिरीक्षक रवि कांत भी मौजूद थे। मुख्यमंत्री ने कहा ‘‘हमने राज्य में मौजूदा कानून-व्यवस्था की स्थिति पर विचार-विमर्श किया। हमने बीएसएफ के आगामी स्थापना दिवस समारोह से जुड़े मामलों पर भी चर्चा की।’’

उन्होंने शांति बनाए रखने सुरक्षा और सीमा प्रबंधन में बीएसएफ की समर्पित सेवा और महत्वपूर्ण भूमिका की सराहना की।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: