मुंबई, ब्रिटेन के प्रधानमंत्री केअर स्टार्मर ने मुंबई के उपनगर अंधेरी स्थित यशराज फिल्म्स (वाईआरएफ) स्टूडियो का दौरा किया। इस दौरान उन्होंने घोषणा की कि वाईआरएफ सहित प्रमुख भारतीय प्रोडक्शन हाउस ब्रिटेन में विभिन्न स्थानों पर फिल्में बनाएंगे। भारत के दो दिवसीय दौरे पर आए स्टार्मर के साथ ब्रिटिश फिल्म उद्योग का एक प्रतिनिधिमंडल भी आया था जिसमें ब्रिटिश फिल्म इंस्टी्टूयट ब्रिटिश फिल्म आयोग पाइनवुड स्टूडियो एल्स्ट्री स्टूडियो और सिविक स्टूडियो के प्रतिनिधि शामिल हैं।
लंदन से सुबह मुंबई पहुंचे स्टार्मर भारी सुरक्षा के बीच वाईआरएफ स्टुडियो पहुंचे। एक सूत्र ने बताया कि ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने इस दौरान वाईआरएफ के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (सीईओ) अक्षय विधानी वाईआरएफ अध्यक्ष आदित्य चोपड़ा की अभिनेता पत्नी रानी मुखर्जी मैडॉक फिल्म्स के दिनेश विजान एक्सेल एंटरटेनमेंट के रितेश सिधवानी और धर्मा प्रोडक्शंस के अपूर्व मेहता सहित कई भारतीय फिल्म निर्माताओं से मुलाकात की। ब्रिटिश प्रधानमंत्री ने एक बयान में कहा ‘‘बॉलीवुड ब्रिटेन में वापस आ गया है
और यह रोजगार निवेश और अवसर ला रहा है साथ ही ब्रिटेन को वैश्विक फिल्म निर्माण के लिए एक विश्वस्तरीय गंतव्य के रूप में प्रदर्शित कर रहा है। भारत के साथ हमारे व्यापार समझौते से ठीक इसी तरह की साझेदारी की शुरुआत होगी – विकास को गति मिलेगी सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत किया जाएगा और देश भर के समुदाय इससे लाभान्वित होंगे।’’
एक सूत्र ने बताया कि स्टार्मर और भारतीय फिल्म निर्माताओं के बीच बैठक लगभग 30 से 40 मिनट तक चली। वाईआरएफ के सीईओ अक्षय विधानी ने कहा कि वह ब्रिटिश प्रधानमंत्री की मेजबानी कर सम्मानित महसूस कर रहे हैं।
उन्होंने कहा ‘‘ब्रिटेन हमारे दिलों में एक विशेष स्थान रखता है और हमारी कुछ सबसे प्रतिष्ठित फिल्में जिनमें ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ (डीडीएलजे) भी शामिल है इस खूबसूरत और अविश्वसनीय रूप से मेहमाननवाज देश में शूट की गई थीं।’’ यशराज फिल्म्स ने कहा कि उनका लक्ष्य 2026 की शुरुआत से ब्रिटेन में अपने प्रमुख फिल्मों की शूटिंग शुरू करना है।
विधानी ने कहा ‘‘डीडीएलजे की 30वीं वर्षगांठ पर वाईआरएफ और ब्रिटेन के फिल्मांकन संबंधों को फिर से जीवंत करना वाकई खास है – यह एक ऐसी फिल्म है जो ब्रिटेन-भारत संबंधों का पर्याय है। हमारी कंपनी वर्तमान में ब्रिटेन में डीडीएलजे का मंचीय रूपांतरण अंग्रेजी में ‘कम फॉल इन लव’ (सीएफआईएल) शीर्षक से तैयार कर रही है।’’
यह पहल ऐसे समय में की गई है जब वाईआरएफ स्टूडियोज 12 अक्टूबर को भारत में अपने 20 वर्ष पूरे होने का जश्न मनाने की तैयारी कर रहा है। फिल्म निर्माण और वितरण कंपनी यशराज फिल्म्स ‘कभी कभी’ ‘चांदनी’ ‘दिलवाले दुल्हनिया ले जाएंगे’ ‘डर’ ‘धूम’ ‘वीर जारा’ ‘एक था टाइगर’ ‘वॉर’ और ‘पठान’ जैसी फिल्मों के लिए जानी जाती है। इसकी स्थापना दिवंगत फिल्म निर्माता यश चोपड़ा ने 1970 में की थी। उन्होंने 2005 में अंधेरी में वाईआरएफ स्टूडियो का निर्माण किया था।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common