भाजपा ने ‘इंडिया’ को बदलने का वादा किया था लेकिन अब सिर्फ नाम बदल रही है : स्टालिन

चेन्नई, द्रविड़ मुनेत्र कषगम (द्रमुक) अध्यक्ष और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने मंगलवार को आरोप लगाया कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ‘इंडिया’ को बदलकर ‘भारत’ करना चाहती है। उन्होंने कहा कि भगवा दल विपक्षी गठबंधन के नाम ‘इंडिया’ से परेशान हो चुका है। जी20 के लिए रात्रिभोज निमंत्रण पर ‘प्रेसिडेंट ऑफ भारत’ (भारत के राष्ट्रपति) लिखे जाने पर छिड़े विवाद के बाद स्टालिन की टिप्पणी आई है। स्टालिन ने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर कहा, ” फासीवादी भाजपा शासन को सत्ता से हटाने के लिए गैर भाजपाई शक्तियों के एकजुट होने और अपने गठबंधन का नाम ‘इंडिया’ रखने के बाद अब भाजपा ‘इंडिया’ को ‘भारत’ करना चाहती है। भाजपा ने इंडिया को बदलने का वादा किया था लेकिन नौ साल बाद हम सभी को सिर्फ नाम बदले हुए नजर आ रहे हैं।’ उन्होंने कहा, ”ऐसा प्रतीत होता है कि भाजपा ‘इंडिया’ शब्द से परेशान हो चुकी है क्योंकि उन्हें विपक्षी एकता की ताकत का अंदाजा हो गया है। चुनावों के दौरान ‘इंडिया’ भाजपा को सत्ता से बेदखल कर देगा। इंडिया, इंडिया ही रहेगा।”

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: