दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री और वर्तमान में दिल्ली विधानसभा में विपक्ष की नेता आतिशी ने आरोप लगाया है कि भाजपा ने दिल्ली सरकार को लूटकर 13 हजार करोड़ रुपये के घाटे में डाल दिया है। आतिशी ने कहा कि भाजपा का 1 लाख करोड़ रुपये का बजट महज एक जुमला है।
इस जुमलेबाजी वाले बजट को केंद्र की भाजपा सरकार ने हवा में उड़ा दिया है। यह बजट 1 लाख करोड़ रुपये का नहीं बल्कि सिर्फ 78 हजार करोड़ रुपये का है। आतिशी ने कहा, “अरविंद केजरीवाल के नेतृत्व वाली दिल्ली सरकार देश की एकमात्र ऐसी सरकार थी जो मुनाफे में चल रही थी, लेकिन अब भाजपा सरकार ने लूट शुरू कर दी है और दिल्ली सरकार को 13 हजार करोड़ रुपये के घाटे में डाल दिया है।
” आतिशी ने कहा, “पिछले 70 सालों में हर बजट पेश करने से पहले आर्थिक सर्वेक्षण पेश करने की परंपरा रही है, लेकिन इस बार दिल्ली की भाजपा सरकार ने इसे छिपा दिया। सरकार को डर था कि जब आर्थिक सर्वेक्षण पेश किया जाएगा, तो उसका खोखला बजट उजागर हो जाएगा और गलत आंकड़े सामने आ जाएंगे।
” Photo : Wikimedia