भारत-रूस के बीच 2030 तक 100 अरब डॉलर के व्यापार का लक्ष्य: राजदूत

मास्को, भारतीय राजदूत विनय कुमार ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने अपनी-अपनी सरकारों को द्विपक्षीय सहयोग को और बढ़ाने का निर्देश दिया है। उन्होंने आगे बताया कि भारत और रूस का लक्ष्य 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को बढ़ाकर 100 अरब डॉलर करना है।

रूसी समाचार एजेंसी ‘तास’ को दिए एक साक्षात्कार में भारतीय राजदूत कुमार ने कहा कि दोनों नेताओं ने 12-13 सितंबर को नयी दिल्ली में ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से इतर द्विपक्षीय संबंधों पर चर्चा की। उन्होंने शनिवार को प्रकाशित इस साक्षात्कार में ‘तास’ से कहा कि दोनों नेताओं ने संबंधित मंत्रालयों और एजेंसियों को व्यापार और वाणिज्य सहित सहयोग को और विकसित करने का निर्देश दिया है।

कुमार ने कहा कि भारत और रूस 2030 तक द्विपक्षीय व्यापार को 100 अरब डॉलर और द्विपक्षीय निवेश को 50 अरब डॉलर तक बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं। श्रम सहयोग पर उन्होंने कहा कि भारत का लक्ष्य रूस की जरूरतों के अनुसार वहां कुशल कामगारों की आपूर्ति करना है। उन्होंने कहा कि विदेशी कामगारों के लिए रूस के कोटे में भारतीयों की हिस्सेदारी लगभग 25 से 30 प्रतिशत है।

कुमार ने उल्लेख किया कि लगभग 1.5 अरब की आबादी वाला भारत कुशल कर्मियों के लिए एक वैश्विक केंद्र बनने के लिए तैयार है। उन्होंने कहा कि भारत के कार्यबल की औसत आयु 29 वर्ष है और कामगार आबादी का लगभग 69 प्रतिशत हिस्सा हैं।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: