मराठा आरक्षण की मांग: 29 अगस्त को मुंबई से नया आंदोलन शुरू करेंगे जरांगे

 छत्रपति संभाजीनगर,  सामाजिक कार्यकर्ता मनोज जरांगे ने कहा है कि वह मराठा समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर 29 अगस्त को मुंबई में नया आंदोलन शुरू करेंगे। जरांगे ने कहा कि वह मराठा समुदाय के अन्य सदस्यों के साथ जालना जिले के अंतरवाली सराटी गांव से 27 अगस्त को रवाना होंगे जो मुंबई से करीब 400 किलोमीटर दूर है।

             उन्होंने सभी मराठों को कुनबी मानने और सरकारी नौकरियों एवं शिक्षण संस्थानों में राजनीतिक रूप से प्रभावशाली समुदाय के लिए आरक्षण की मांग को लेकर कई बार भूख हड़ताल की है। कुनबी अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) श्रेणी के अंतर्गत सूचीबद्ध एक कृषक जाति है।

             जरांगे ने कहा  ‘‘हम 27 अगस्त को सुबह 10 बजे अंतरवाली सराटी से मुंबई के लिए रवाना होंगे। हम पुणे जिले के जुन्नार इलाके में शिवनेरी किले के पास अपना पहला पड़ाव डालेंगे। हम अंतरवाली से शेवगांव  अहिल्यानगर और अलेफाटा होते हुए शिवनेरी जाएंगे और मानसून के कारण मालशेज घाट जाने से बचेंगे।’’

             उन्होंने बताया कि अगले दिन वह चाकन जाएंगे। वहां से  आंदोलनकारी तालेगांव  लोनावाला  वाशी और चेंबूर होते हुए दक्षिण मुंबई जाएंगे।

             उन्होंने कहा  ‘‘आंदोलन 29 अगस्त को मुंबई के आजाद मैदान में शुरू होगा।’’जरांगे ने मराठा समुदाय के लोगों से मुंबई में उनके आंदोलन में शामिल होने की अपील की है। उन्होंने यह भी कहा कि मराठा समुदाय के जो नेता आंदोलन में भाग नहीं ले रहे हैं  उन्हें चुनाव में हराया जाना चाहिए।

             महाराष्ट्र विधानमंडल ने पिछले वर्ष एक विधेयक पारित किया था  जिसमें मराठा समुदाय को एक अलग श्रेणी के तहत 10 प्रतिशत आरक्षण प्रदान किया गया था। मगर जरांगे ओबीसी श्रेणी के तहत समुदाय के लिए आरक्षण पर जोर दे रहे हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: