बेरूत, फ्रांसीसी अभियोजकों की ओर से भगोड़े कारोबारी कार्लोस घोसन की गिरफ्तारी के लिए जारी अंतरराष्ट्रीय वारंट के चार सप्ताह बाद लेबनान को बृहस्पतिवार को इंटरपोल से नोटिस प्राप्त हुआ है। लेबनान के न्यायिक अधिकारियों ने यह जानकारी दी है।
अधिकारियों ने इंटरपोल द्वारा जारी रेड नोटिस के बारे में अधिक जानकारी नहीं दी। यह नोटिस दुनिया भर में कानून प्रवर्तन एजेंसियों के लिए एक गैर-बाध्यकारी अनुरोध है कि वे एक भगोड़े का पता लगाये और अस्थायी रूप से गिरफ्तार करें।
रेड नोटिस गिरफ्तारी वारंट नहीं होता है और लेबनान को घोसन को गिरफ्तार करने की आवश्यकता नहीं है।
यह दूसरा रेड नोटिस है जो लेबनान को इस मामले में मिला है। पहला नोटिस जनवरी 2020 में जारी किया गया था, जिसके कुछ दिनों बाद घोसन जापान से लेबनान भाग गया था।
न्यायिक अधिकारियों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि नोटिस बृहस्पतिवार को बेरूत में अभियोजक के कार्यालय में तामील किया गया।
अभियोजक रेनॉ-निसान गठबंधन और ओमान की वाहन वितरक कंपनी सुहैल भवन ऑटोमोबाइल्स (एसबीए) के बीच किए गए लाखों डॉलर के कथित संदिग्ध भुगतान की जांच कर रहे हैं।
घोसन के पास लेबनान, फ्रांस और ब्राजील की नागरिकता है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)