मसाला क्षेत्र की अप्रयुक्त संभावनाओं का पता लगाएं: चिराग पासवान

नयी दिल्ली, केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री चिराग पासवान ने शुक्रवार को भारत में मसाला क्षेत्र की अप्रयुक्त संभावनाओं को तलाशने का आह्वान किया। उन्होंने खाद्य प्रसंस्करण नवाचार और वैश्विक बाजार से एकीकरण का लाभ उठाते हुए मूल्य आधारित परिवेश पर ध्यान केंद्रित करने की बात कही।

पासवान ने गुणवत्ता मानकों पर अधिक ध्यान देने की जरूरत पर भी जोर दिया और कहा कि वैश्विक भरोसा बनाने तथा निर्यात अस्वीकृति से बचने के लिए गुणवत्ता बनाए रखना महत्वपूर्ण है।

एक आधिकारिक बयान के अनुसार यहां उद्योग मंडल पीएचडी चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री (पीएचडीसीसीआई) के एक कार्यक्रम में मंत्री ने न्यूट्रास्युटिकल्स आरोग्य उत्पादों और मूल्य वर्धित मसाला क्षेत्रों में उभरते अवसरों का जिक्र किया और अनुसंधान नवाचार तथा तकनीक में निवेश बढ़ाने का आह्वान किया।

उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य को हासिल करने में मसाला क्षेत्र की महत्वपूर्ण भूमिका का उल्लेख किया और कहा भारत को अब मात्रा आधारित नजरिये से मूल्य आधारित परिवेश की ओर बढ़ना चाहिए जिसमें खाद्य प्रसंस्करण नवाचार और वैश्विक बाजार से एकीकरण का लाभ उठाया जा सके।

मंत्री ने दोहराया कि सरकार लगातार सुधारों और नीतिगत समर्थन के जरिये व्यापार करने में सुगमता को बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने उद्योग जगत के हितधारकों को इस क्षेत्र के विकास के लिए सक्रिय रूप से सिफारिशें देने के लिए आमंत्रित किया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: