महिला इंडिया ओपन 22 अक्टूबर से

नयी दिल्ली, महिला इंडिया ओपन 2026 गोल्फ टूर्नामेंट का आयोजन गुरुग्राम के डीएलएफ गोल्फ एंड कंट्री क्लब में 22 से 25 अक्टूबर तक किया जाएगा। गत चैंपियन सिंगापुर की शेनोन टेन अपने खिताब का बचाव करने उतरेंगी जबकि 2024 की विजेता इंग्लैंड की लिज यंग और 2022 की विजेता जर्मनी की ओलीविया कोवान भी इस पांच लाख डॉलर इनामी प्रतियोगिता में आकर्षण का केंद्र होंगी।

भारत की महिला गोल्फरों की नजरें 10 साल में पहली बार इंडिया ओपन का खिताब जीतने पर टिकी होंगी। भारतीय खिलाड़ियों में पिछली बार अदिति अशोक ने 2016 में यह खिताब जीता था।

भारत को दीक्षा डागर से काफी उम्मीदें हैं। वह प्रणवी उर्स के साथ आइची-नागोया में चल रहे एशियाई खेलों में हिस्सा लेने के बाद इस टूर्नामेंट में चुनौती पेश करेंगी। इसके अलावा स्थानीय खिलाड़ियों में अवनि प्रशांत हिताशी बख्शी और वाणी कपूर पर भी नजरें रहेंगी। महिला इंडिया ओपन एशिया की शीर्ष लेडीज यूरोपीय टूर प्रतियोगिताओं में से एक है।

लेडीज यूरोपीय टूर ऑर्डर ऑफ मेरिट 2025 में शीर्ष पर रहने वाली टेन के अलावा 2024 में शीर्ष पर रहने वाली स्विट्जरलैंड की चियारा टेंबरलिनी 2023 में शीर्ष पर रहने वाली थाईलैंड की त्रिचात चेंगलाब और पिछले साल इंडिया ओपन की उप विजेता एलिस ह्युसन भी कड़ी चुनौती पेश करेंगी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: