नयी दिल्ली, भारतीय चित्रकार अमृता शेरगिल के जीवन पर आधारित मीरा नायर की फिल्म अमरी में अंजलि शिवरामन मुख्य भूमिका निभाएंगी। इस फिल्म में जयदीप अहलावत और प्रियंका चोपड़ा-जोनास भी प्रमुख भूमिकाओं में नजर आएंगे। आधुनिक भारतीय कला की प्रवर्तक मानी जाने वाली अमृता शेरगिल की जीवनी पर यह फिल्म मीरा नायर के लिए किसी सपने के साकार होने से कम नहीं।
नायर को सलाम बॉम्बे! मानसून वेडिंग द नेमसेक और ए सूटेबल बॉय जैसी अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रशंसित फिल्मों के लिए जाना जाता है। केरल में जन्मी अंजलि शिवरामन (31) को क्लास और बैड गर्ल जैसी फिल्मों में उनकी भूमिकाओं के लिए पहचाना जाता है। नायर ने मंगलवार को फिल्म की पहली झलक (फर्स्ट लुक) जारी करने के साथ ही इसके कलाकारों के नाम भी साझा किए। फिल्म में एमिली वॉटसन अमृता की मां मैरी-एंटोनेट गोट्समैन की भूमिका निभाएंगी जबकि जयदीप अ
हलावत उनके पिता उमराव सिंह शेरगिल के किरदार में दिखेंगे। अन्य कलाकारों में विक्टर एगन के रूप में क्रिस्टियन साकवेरी इंदिरा शेरगिल के रूप में अंजना वासन कार्ल खंडालावाला के रूप में जिम सरभ और मैडम अज़ूरी के रूप में प्रियंका चोपड़ा-जोनास शामिल हैं। प्रियंका चोपड़ा-जोनास इस फिल्म की कार्यकारी निर्माता भी हैं। फिल्म की कहानी 20वीं सदी की शुरुआत में हंगरी फ्रांस और भारत की पृष्ठभूमि के इर्द-गिर्द बुनी गई है जो यूरोप और भारत के उन परिवेशों को दर्शाती है जिन्होंने अमृता की कलात्मक दृष्टि को आकार दिया।
20वीं सदी के महानतम कलाकारों में शुमार अमृता शेरगिल का मात्र 28 वर्ष की आयु में निधन हो गया था लेकिन उनकी पेंटिंग्स आज भी भारत और उस समय की महिलाओं के जीवन की झलक पेश करती हैं। उनकी प्रसिद्ध कलाकृतियों में टू विमेन द ब्राइड्स टॉयलेट ग्रुप ऑफ थ्री गर्ल्स और कई सेल्फ-पोर्ट्रेट शामिल हैं। फिल्म अमरी की शूटिंग इन दिनों भारत और हंगरी में चल रही है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common