मुंबई, मुंबई सिटी एफसी ने गुरुवार को यहां नॉर्थईस्ट यूनाइटेड एफसी को 4-0 से करारी शिकस्त देकर इंडियन सुपर लीग (आईएसएल) फुटबॉल टूर्नामेंट में अपना अजेय अभियान जारी रखा।
मुंबई सिटी में पिछले 15 मैचों से कोई मैच नहीं गंवाया है। उसकी तरफ से मोरक्को के मिडफील्डर अहमद जाहौह (पांचवें), अर्जेंटीनी स्ट्राइकर जॉर्ज परेरा डियाज (11वें), नॉर्थईस्ट यूनाइटेड के राइट-बैक एलेक्स साजी (15वें, आत्मघाती गोल) और विनीत राय (45वें मिनट में) ने गोल दागे।
मुंबई सिटी की यह लगातार दसवीं जीत है जिससे उसने शीर्ष पर अपना स्थान मजबूत कर दिया है। वह अब दूसरे स्थान पर काबिज हैदराबाद एफसी से सात अंक आगे हो गया है। मुंबई सिटी के 15 मैचों में 12 जीत और तीन ड्रॉ से 39 अंक हो गए हैं।
नॉर्थईस्ट यूनाइटेड की यह 13वीं हार है और वह निचले पायदान पर बना हुआ है। उसके 15 मैचों में चार अंक है।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons