कोलकाता कलकत्ता उच्च न्यायालय ने पिछले साल 13 दिसंबर को साल्ट लेक स्टेडियम में फुटबॉलर लियोनेल मेसी के कार्यक्रम के दौरान अव्यवस्था से जुड़े मामले में पश्चिम बंगाल के पूर्व खेल मंत्री अरूप विश्वास को मिली दंडात्मक कार्रवाई से सुरक्षा मंगलवार को 30 नवंबर तक के लिए बढ़ा दी।
राज्य के महाधिवक्ता सुरोजित नाथ मित्रा ने अदालत के पिछले आदेश के अनुसार दो रिपोर्ट पेश कीं जिनमें से एक पश्चिम बंगाल के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) की जबकि दूसरी विधाननगर पुलिस कमिश्नरेट के आयुक्त की थी। ये रिपोर्ट घटना की जांच के संबंध में थीं। न्यायमूर्ति सौगत भट्टाचार्य ने विश्वास को पुलिस की दंडात्मक कार्रवाई से मिली अंतरिम सुरक्षा 30 नवंबर तक बढ़ा दी।
विश्वास ने उनके खिलाफ जारी आपराधिक कार्यवाही को रद्द करने की मांग करते हुए याचिका दायर की है। अदालत ने निर्देश दिया कि इस याचिका पर अगली सुनवाई 17 नवंबर को होगी।
उच्च न्यायालय ने कार्यक्रम में हुई अव्यवस्था के मामले में 10 जून को बिस्वास को किसी भी तरह की दंडात्मक कार्रवाई से अंतरिम सुरक्षा दी थी। यह मामला मेसी के कार्यक्रम का आयोजन करने वाली कार्यक्रम प्रबंधन कंपनी के मालिक सताद्रु दत्ता ने दर्ज कराया था।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common