यूक्रेन के रूसी नियंत्रण वाले क्षेत्र में कराए जा रहे स्थानीय चुनाव में धांधली के प्रयास की सूचना

मास्को, रूस के नियंत्रण वाले यूक्रेन में स्थानीय चुनाव के लिए हो रहे मतदान में रविवार को धांधली करने के कई प्रयासों की सूचना रूसी अधिकारियों ने दी। इस सप्ताह के अंत में रूस के 79 क्षेत्रों, पिछले साल मॉस्को द्वारा अवैध रूप से कब्जा किए गए चार यूक्रेनी क्षेत्रों – डोनेतस्क, खेरसॉन, लुहान्स्क और ज़ापोरिज़िया प्रांत, और 2014 में रूस द्वारा कब्जा किए गए क्रीमिया प्रायद्वीप में गवर्नर, क्षेत्रीय विधायिकाओं, शहर और नगरपालिका परिषदों के लिए मतदान हो रहा है। रूसी कब्जे वाले यूक्रेनी क्षेत्र में हो रहे मतदान की कीव और पश्चिमी देशों ने निंदा की है और इसे दिखावा तथा अंतरराष्ट्रीय कानून का उल्लंघन बताया है। रूसी चुनाव अधिकारियों ने रविवार को नियंत्रण वाले क्षेत्रों में मतदान के दौरान तोड़फोड़ के प्रयासों की सूचना दी। कीव के प्रति वफादार गुरिल्ला बलों ने पहले यहां मास्को समर्थक अधिकारियों की हत्या कर दी थी और पुलों को विस्फोटक से उड़ा दिया था। रूस के केंद्रीय चुनाव आयोग के उपाध्यक्ष निकोलाई बुलाएव ने संवाददाताओं को बताया कि रविवार तड़के एक ड्रोन हमले में ज़ापोरिजिया प्रांत में एक मतदान केंद्र नष्ट हो गया। उन्होंने कहा कि हमले के समय स्टेशन पर कोई कर्मचारी नहीं था। पड़ोसी खेरसॉन क्षेत्र में रूस द्वारा नियुक्त एक अधिकारी ने कहा कि शनिवार को वहां एक मतदान केंद्र के पास गोला मिला था। मरीना ज़खारोवा ने कहा कि ग्रेनेड को केन्द्र के बाहर झाड़ियों में छुपाया गया था और आपातकालीन सेवाओं द्वारा उसे निष्क्रिय किए जाने तक मतदान रोकना पड़ा।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: