रक्षा सचिव राजेश कुमार सिंह ने 23 जुलाई, 2025 को नई दिल्ली में इज़राइल रक्षा मंत्रालय के महानिदेशक मेजर जनरल (सेवानिवृत्त) अमीर बरम के साथ द्विपक्षीय बैठक की। दोनों पक्ष दीर्घकालिक परिप्रेक्ष्य में द्विपक्षीय रक्षा सहयोग को और मजबूत करने पर सहमत हुए। उन्होंने रक्षा संबंधों को और गहरा करने के लिए एक संस्थागत ढांचा विकसित करने की दिशा में काम करने पर सहमति व्यक्त की।
इज़राइली महानिदेशक ने पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले की निंदा की और आतंकवाद के विरुद्ध भारत की लड़ाई में पूर्ण समर्थन व्यक्त किया। रक्षा सचिव ने आतंकवाद के प्रति भारत के शून्य सहिष्णुता के दृष्टिकोण को दोहराया और 7 अक्टूबर, 2023 को इज़राइल में हुए आतंकवादी हमलों की निंदा की तथा सभी बंधकों की रिहाई का आह्वान किया। दोनों पक्षों ने जुलाई 2024 में भारत में आयोजित संयुक्त कार्य समूह की पिछली बैठक के बाद से चल रही रक्षा सहयोग गतिविधियों की प्रगति की भी समीक्षा की।
इज़राइली रक्षा महानिदेशक की यह यात्रा भारत-इज़राइल रक्षा संबंधों में एक महत्वपूर्ण कदम है और दोनों पक्षों की अपनी रणनीतिक साझेदारी को बढ़ाने की प्रतिबद्धता को पुष्ट करती है।https://x.com/adgpi/status/1948205006412509510/photo/1