राष्ट्रपति मुर्मू, उप राष्ट्रपति धनखड़ ने महात्मा गांधी को श्रद्धांजलि अर्पित की

नयी दिल्ली, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू, उप राष्ट्रपति जगदीप धनखड़ और लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने सोमवार को महात्मा गांधी की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
राष्ट्रपति मुर्मू, उप राष्ट्रपति धनखड़ और लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की।
मुर्मू और धनखड़ ने यहां गांधी स्मृति संग्रहालय में भी राष्ट्रपिता को श्रद्धांजलि दी और गांधी स्मृति में आयोजित ‘भजन संध्या’ में भाग लिया। इसे पहले बिड़ला भवन के नाम से जाना जाता था, जहां 30 जनवरी, 1948 को महात्मा गांधी की गोली मारकर हत्या कर दी गयी थी।
इस मौके पर संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंतोनियो गुतारेस का संदेश भी पढ़ा गया।
दो अक्टूबर को ‘अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस’ के रूप में भी मनाया जाता है।
संयुक्त राष्ट्र महासचिव के संदेश के अनुसार, ‘‘इस अंतरराष्ट्रीय अहिंसा दिवस पर हम न केवल महात्मा गांधी को याद कर रहे हैं, बल्कि उनके शाश्वत मूल्यों का भी स्मरण कर रहे हैं जिनमें आपसी सम्मान और समझ, न्याय तथा शांतिपूर्ण कार्यों की शक्ति है।’’
गांधी स्मृति और दर्शन समिति के उपाध्यक्ष विजय गोयल भी कार्यक्रम में उपस्थित थे।
लोकसभा अध्यक्ष बिरला ने भी राजघाट पर महात्मा गांधी की समाधि पर पुष्पांजलि अर्पित की। उन्होंने इस अवसर पर कहा कि सत्य, अहिंसा, प्रेम और शांति पर आधारित बापू के आदर्शों ने स्वतंत्रता संग्राम को नई शक्ति प्रदान की थी।
उन्होंने संसद परिसर में संविधान सदन के केंद्रीय कक्ष में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री की तस्वीरों पर भी पुष्पांजलि अर्पित की।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: