रूस के साथ सामान्य व्यापार संबंधों को खत्म करने संबंधी विेधेयक पर चर्चा करेगी अमेरिकी सीनेट

वाशिंगटन, अमेरिकी सीनेट रूस के साथ सामान्य व्यापार संबंधों को खत्म करने और उससे तेल आयात करने पर प्रतिबंध लगाने से संबंधित एक विधेयक पर बृहस्पतिवार को चर्चा करेगी।

दोनों विधेयक सीनेट में अटके हुए हैं जिससे यूक्रेन पर रूस के हमले पर अमेरिकी प्रतिक्रिया को तेज करने की इच्छा रखने वाले सांसद हताश हैं।

सीनेट में बहुसंख्यक नेता चक शूमर ने कहा कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन को यूक्रेन के खिलाफ युद्ध अपराधों के लिए जिम्मेदार ठहराने की आवश्यकता है। व्यापार पर निलंबन लगाने से अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडन के लिए रूस के कुछ सामान के आयात पर अधिक शुल्क लगाने का रास्ता साफ हो जाएगा।

रूसी तेल पर प्रतिबंध लगाने वाले विधेयक से पाबंदियां संहिताबद्ध होंगी। बाइडन ने शासकीय कार्रवाई के जरिए पहले ही पाबंदियां लगायी हुई हैं।

रूस-यूक्रेन युद्ध में अहम घटनाक्रम :

-यूक्रेन के पूर्वी मोर्चे पर युद्ध के बीच मारियुपोल में मृतकों की संख्या 5,000 से अधिक हुई। अमेरिका ने नए प्रतिबंधों में पुतिन की बेटियों, रूसी बैंकों को निशाना बनाया।

-यूक्रेन के बुचा में जले हुए ढेरों शव मिले। रूस के मीडिया अभियान में बुचा में मौतों के दावों को फर्जी बताया गया।

-चीन ने बुचा में हत्याओं की जांच की मांग की, किसी को जिम्मेदार नहीं ठहराया।

वाशिंगटन :

अमेरिकी संसद ने यूक्रेन पर रूस के हमले के दौरान हुए युद्ध अपराधों के सबूत पर संघीय सरकार से रिपोर्ट मांगते हुए बुधवार को एक विधेयक पारित किया।

ल्वीव, यूक्रेन :

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमीर जेलेंस्की ने बुधवार देर रात राष्ट्र को वीडियो के जरिए संबोधित करते हुए रूस पर अंतरराष्ट्रीय जांच में दखल देने के लिए युद्ध अपराधों के सबूत छिपाने की कोशिश करने का आरोप लगाया।

जेलेंस्की ने कहा, ‘‘ऐसा लगता है कि रूसी नेतृत्व सच में डरा हुआ है कि बुचा में जो देखा गया उस पर वैश्विक आक्रोश जाहिर हुआ जो अन्य शहरों में देखी गयी घटनाओं पर भी जताया जाएगा। हमें सूचना मिली है कि रूसी सैनिकों ने अपने तौर-तरीके बदल दिए हैं और वे शवों को सड़कों से हटाने की कोशिश कर रहे हैं। यह सबूत छिपाने की कोशिश है और कुछ नहीं।’’

उन्होंने यह भी कहा कि हजारों लोग अभी लापता है जो या तो मर गए या रूस ले जाए गए हैं। उन्होंने रूसी नागरिकों से भी अनुरोध किया कि वे युद्ध का विरोध करने से न डरें।

पेरिस :

फ्रांस के राष्ट्रपति एमैनुअल मैक्रों ने बुधवार शाम को पोलैंड के प्रधानमंत्री मात्युच मोराविकी से बुधवार को बातचीत के दौरान, उन आलोचनाओं का बचाव किया कि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ कई बार की गयी उनकी वार्ता का कोई नतीजा नहीं निकला।

कीव :

यूक्रेनी प्राधिकारियों ने बताया कि बुधवार को युद्धग्रस्त इलाकों से करीब 5,000 लोगों को निकाला गया।

उप प्रधानमंत्री इरीना वेरेश्चुक ने बताया कि 1,171 लोगों को घेराबंदी किए गए शहर मारियुपोल से निकाला गया तथा 2,515 और लोगों ने बेरदियान्स्क और मेलितोपोल तथा अन्य दक्षिणी शहरों को छोड़ा।

उन्होंने बताया कि इसके अलावा 1,206 लोगों को पूर्वी लुहांस्क क्षेत्र से निकाला गया।

दोनेस्क क्षेत्र के गवर्नर पावलो किरिलेंको ने बताया कि बुधवार को रूसी बमबारी में कम से कम पांच नागरिकों की मौत हो गयी तथा आठ अन्य घायल हो गए।

संयुक्त राष्ट्र :

अमेरिका और ब्रिटेन ने रूस द्वारा बुलाई संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की अनौपचारिक बैठक का बहिष्कार किया है। रूस ने अपने उन निराधार दावों पर जोर देने के लिए यह बैठक बुलाई है कि अमेरिका की यूक्रेन में जैविक युद्ध प्रयोगशालाएं हैं।

संयुक्त राष्ट्र महासभा की बृहस्पतिवार को इस पर मतदान कराने की योजना है कि रूस को संयुक्त राष्ट्र की प्रमुख मानवाधिकार संस्था से निलंबित किया जाए या नहीं।

रोम :

इटली के प्रधानमंत्री मारियो द्रागी ने कहा कि यूक्रेन में युद्ध को लेकर यूरोपीय संघ के अगले चरणों के प्रतिबंधों के बीच इस वक्त रूसी गैस पर पाबंदी पर विचार नहीं किया जा रहा है।

मॉस्को :

रूस के रक्षा मंत्रालय ने यूक्रेन पर कैदियों की अदला-बदली की पूर्व में बनी सहमति को तोड़ने का आरोप लगाया है।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : https://pixabay.com/illustrations/friendship-banner-flags-flag-3891772/

%d bloggers like this: