लोगों को एकजुट होना होगा ताकि आतंकवाद फिर से पनप न सके : हिमंत विश्व शर्मा

गुवाहाटी,असम के मुख्यमंत्री हिमंत विश्व शर्मा ने दिल्ली में हुए धमाके की निंदा करते हुए कहा कि लोगों को यह सुनिश्चित करने के लिए एकजुट होना चाहिए कि देश में आतंकवाद फिर से सिर न उठा सके। मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य पुलिस सोमवार के धमाके के बाद सोशल मीडिया पर प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आतंकवाद का समर्थन करने वालों पर नजर रख रही है।  उन्होंने कहा कि यदि ऐसे लोग इस पूर्वोत्तर राज्य से हैं तो उन्हें गिरफ्तार किया जा सकता है।

                 शर्मा ने नगांव जिले के राहा में एक कार्यक्रम से इतर संवाददाताओं से कहा  ‘‘दिल्ली में हुआ विस्फोट बेहद निंदनीय है। जैसा कि हम सभी जानते हैं  पिछले दो दिनों में कुछ खास लोगों से भारी मात्रा में विस्फोटक जब्त किए गए हैं। निश्चित रूप से इसमें कोई बड़ी साजिश थी। उम्मीद है कि शाम तक हमें स्पष्ट तस्वीर मिल जाएगी।’’

                 राष्ट्रीय राजधानी में लाल किले के नजदीक धीमी गति से चलती कार में सोमवार शाम को धमाका होने से 12 लोगों की मौत हो गई।      शर्मा ने कहा कि ऐसे समय में लोगों का एकजुट होना महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा  ‘‘लोगों को एकजुट होना होगा ताकि आतंकवाद फिर से सिर न उठा सके।’’ मुख्यमंत्री ने दावा किया कि धमाके के बाद से लोगों का एक वर्ग फेसबुक पर या तो खबर का स्वागत करते हुए पोस्ट कर रहा है या फिर खुशी वाले इमोजी डाल रहा है।

                उन्होंने कहा कि इस वर्ष अप्रैल में कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के बाद भी ऐसी ही प्रवृत्ति देखने को मिली थी।शर्मा ने कहा  ‘‘इसका अभिप्राय है कि ये लोग आतंकवादियों का समर्थन कर रहे हैं। हम कल रात से ही उनकी पृष्ठभूमि की जांच कर रहे हैं और जरूरत पड़ने पर हम उनमें से कुछ को गिरफ्तार भी करेंगे ताकि असम में आतंकवाद फिर से पनप न सके या उसे बढ़ावा न मिले।’’

                 उन्होंने कहा  ‘‘अगर कोई दूसरे की मौत से खुश है  तो वह प्रत्यक्ष या अप्रत्यक्ष रूप से आतंकवाद का समर्थन कर रहा है। मैंने पुलिस महानिदेशक से कहा है कि वे जांच करें कि ये लोग कौन हैं और अगर वे हमारे राज्य से हैं  तो जरूरत पड़ने पर हम उन्हें गिरफ्तार करेंगे।’’

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: