मुंबई, महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) के पांचवें सत्र का आयोजन वडोदरा और मुंबई में 14 जनवरी से सात फरवरी 2027 तक किया जाएगा जिसमें प्रत्येक शहर को 11 मैच की मेजबानी का मौका मिलेगा। भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने यह घोषणा की।
टूर्नामेंट की शुरुआत 14 जनवरी को गत चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) और दो बार के चैंपियन मुंबई इंडियन्स के बीच मुकाबले के साथ होगी।
बीसीसीआई ने डब्ल्यूपीएल का पूरा कार्यक्रम जारी करने के साथ ही इसके आयोजन स्थलों की भी आधिकारिक घोषणा कर दी है।
वडोदरा में मुकाबले कोटांबी स्थित नए बीसीए स्टेडियम में खेले जाएंगे जबकि मुंबई के मैच ब्रेबोर्न स्टेडियम में होंगे। प्लेऑफ मुकाबलों और फाइनल का आयोजन भी इसी मैदान पर किया जाएगा। सभी मैच शाम साढ़े सात बजे शुरू होंगे।
पांच टीम की इस प्रतियोगिता का पिछला सत्र नवी मुंबई के डीवाई पाटिल स्टेडियम और वडोदरा में आयोजित किया गया था। डीवाई पाटिल स्टेडियम में फिलहाल नवीनीकरण का काम चल रहा है।
बीसीसीआई ने विज्ञप्ति में कहा ‘‘वडोदरा चरण 24 जनवरी तक चलेगा जिसमें 11 मुकाबले खेले जाएंगे। इस दौरान पांचों टीम खिताब की दौड़ में अपने अभियान की शुरुआत करेंगी। इसके बाद मुकाबले मुंबई में होंगे जहां क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया का ब्रेबोर्न स्टेडियम 26 जनवरी से बाकी 11 मैच की मेजबानी करेगा।’’
बोर्ड ने कहा ‘‘लीग चरण तीन फरवरी तक चलेगा जिसके बाद प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए मुकाबला होगा।’’अंक तालिका में दूसरे और तीसरे स्थान पर रहने वाली टीमों के बीच एलिमिनेटर मुकाबला पांच फरवरी को खेला जाएगा। लीग चरण में शीर्ष स्थान हासिल करने वाली टीम सीधे फाइनल के लिए क्वालीफाई करेगी।क्रडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common