बेंगलुरु, कर्नाटक के पर्यटन मंत्री के. जे. जॉर्ज ने कहा कि राज्य में जंगलों और वन्यजीवों के संरक्षण से समझौता किए बिना जिम्मेदारी के साथ इको-टूरिज्म का विस्तार किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इसके साथ ही जंगल लॉजेज एंड रिसॉर्ट्स (जेएलआर) के प्रबंधन वाली संपत्तियों की सुविधाओं को भी धीरे-धीरे बेहतर बनाया जाएगा।
जॉर्ज ने अधिकारियों को मुथोडी नेचर कैंप समेत जंगल के उपयुक्त इलाकों की पहचान करने और वहां नयी सफारी ट्रेकिंग तथा प्रकृति से जुड़ी अन्य पर्यटन गतिविधियां शुरू करने की संभावनाएं तलाशने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि इसके लिए वन विभाग से जरूरी वैधानिक मंजूरी लेनी होगी।
पर्यटन मंत्री के कार्यालय की ओर से जारी बयान के अनुसार ‘‘कबिनी बांदीपुर और केम्मनगुंडी सहित जेएलआर की प्रमुख संपत्तियों में ठहरने की सुविधा साफ-सफाई मेहमानों की देखभाल और पर्यटकों के लिए अन्य सुविधाओं को बेहतर बनाने को भी प्राथमिकता दी जाएगी।’’
मंत्री ने निर्देश दिया कि मरम्मत और नवीनीकरण का काम करते समय हर जगह के प्राकृतिक स्वरूप से छेड़छाड़ नहीं की जानी चाहिए।
उन्होंने कहा कि जहां जरूरत हो वहां विस्तृत परियोजना रिपोर्ट तैयार की जाए और काम तय समयसीमा के भीतर पूरा किया जाए।
जॉर्ज ने कहा ‘‘इको-टूरिज्म का विस्तार होना चाहिए लेकिन इसके लिए प्राकृतिक वन पारिस्थितिकी तंत्र या वन्यजीवों की शांति से समझौता नहीं किया जा सकता। उपयुक्त क्षेत्रों की वैज्ञानिक तरीके से पहचान की जानी चाहिए और जरूरी मंजूरी मिलने के बाद ही सफारी ट्रेकिंग तथा प्रकृति से जुड़ी अन्य पर्यटन गतिविधियां शुरू की जानी चाहिए।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common