वर्षों की गोलाबारी के बाद खेरसॉन के लोगों को मिली दुर्लभ राहत

खेरसॉन (यूक्रेन), अमेरिका की प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप की मध्यस्थता से रूस के कब्जे वाले एक कस्बे में मानवीय सहायता पहुंचाने के लिए तय किया गया छह दिन का संघर्षविराम यूक्रेन के नियंत्रण वाले खेरसॉन शहर में भी दुर्लभ शांति लेकर आया है।चार साल पहले दक्षिणी बंदरगाह शहर के सेंट्रल स्कायर पर लोगों की भीड़ जुटी थी। लोग यूक्रेन के झंडे लहरा रहे थे और महीनों के रूसी कब्जे को समाप्त करने वाले सैनिकों को गले लगा रहे थे।

उस समय कई लोगों को लगा था कि सबसे कठिन दौर पीछे छूट गया है लेकिन इसके बजाय युद्ध ने एक नया रूप ले लिया।मेलानिया ट्रंप ने रूस के कब्जे वाले शहर ओलेश्की के आसपास रूस और यूक्रेन के बीच स्थानीय स्तर पर संघर्षविराम कराने में मध्यस्थता की। उन्होंने पहले सार्वजनिक रूप से संघर्षविराम वार्ताओं में भाग नहीं लिया था।

उन्होंने ओलेश्की को ‘‘आपदा के कगार पर’’ बताया था। यह संघर्षविराम नीपर नदी के दूसरी ओर खेरसॉन क्षेत्र तक भी फैल गया, जिसका केवल कुछ हिस्सा रूस के नियंत्रण में है।ओलेश्की तक दवाएं, भोजन और पानी पहुंचाने के लिए मंगलवार तड़के तीन बजे स्थानीय स्तर पर लड़ाई रोक दी गई।

सप्ताह के बाद के दिनों में लोगों को वहां से निकालने के लिए सुरक्षित गलियारा खोलने की योजना है। ओलेश्की में स्थिति बेहद गंभीर है। वहां अब भी रह रहे अधिकतम 2,000 लोगों के लिए भोजन और चिकित्सा सामग्री तेजी से कम हो रही है, जबकि ड्रोन और बारूदी सुरंगों के कारण आवाजाही सीमित हो गई है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: