मुंबई, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे, उप मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेता आशीष शेलार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) के अध्यक्ष शरद पवार के साथ यहां बुधवार को मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के चुनावों की पूर्व संध्या पर आयोजित विशेष रात्रि भोज में शिरकत की।
इस मौके पर शिंदे ने कहा कि पवार के उनके और भाजपा नेताओं के साथ मंच साझा करने से कुछ लोगों की रातों की नींद उड़ सकती है। हालांकि, उन्होंने किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इसे पूर्व मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे की ओर इंगित टिप्पणी माना जा रहा है।
मुख्यमंत्री शिंदे ने इस मौके पर कहा, ‘‘पवार, फडणवीस और शेलार एक ही मंच पर… इससे कुछ लोगों की रातों की नींद उड़ सकती है। लेकिन यह राजनीति करने की जगह नहीं है। हम सभी खेल के प्रशंसक और समर्थक हैं। इसलिए हम अपने राजनीतिक मतभेदों के बावजूद खेल के विकास के लिए साथ आए हैं।’’
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons