संयुक्त राष्ट्र प्रमुख गुतारेस ने नोबेल शांति पुरस्कार जीतने पर डब्ल्यूएफपी को बधाई दी

संयुक्त राष्ट्र, संयुक्त राष्ट्र प्रमुख एंतोनियो गुतारेस ने शुक्रवार को नोबेल शांति पुरस्कार जीतने पर विश्व खाद्य कार्यक्रम (डब्ल्यूएफपी) को बधाई दी।

उन्होंने संयुक्त राष्ट्र के संगठन में कार्यरत महिला और पुरूष कर्मियों की, साहस के साथ खतरनाक और दूर दराज के इलाकों में संघर्ष, आपदा और गरीबी की वजह से संकटग्रस्त लोगों तक जीवन रक्षक वस्तुओं को पहुंचाने के लिए प्रशंसा की।

संयुक्त राष्ट्र महासचिव ने गर्मजोशी के साथ डब्ल्यूएफपी के कार्यकारी निदेशक डेविड बीसली और एजेंसी में कार्यरत सभी कर्मचारियों को रोजाना संयुक्त राष्ट्र के मूल्यों को मजबूत करने और ‘हम लोग’ के उद्देश्य की पूर्ति के लिए कार्य करने पर बधाई दी। उल्लेखनीय है कि इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र अपना 75वां स्थापना दिवस मना रहा है।

गुतारेस ने कहा, ‘‘ मैं नोबेल समिति द्वारा इस वर्ष संयुक्त राष्ट्र विश्व खाद्य कार्यक्रम को शांति का नोबेल पुरस्कार देने के फैसले से प्रसन्न हूं। डब्ल्यूएफपी खाद्य असुरक्षा के मोर्चे पर कार्य करने वाला पहला संगठन है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दुनिया में बहुत से लोग, जो संख्या लाखो-करोड़ों की है, हर रात खाली पेट सोते हैं। लाखों और लोग कोविड-19 महामारी की वजह से अकाल के मुहाने पर खड़े हैं।’’

गुतारेस ने कहा, ‘‘ डब्लयूएफपी राजनीति से ऊपर उठकर, मानवीय जरूरतों के आधार पर अपना काम करता है।’’

उन्होंने कहा कि संगठन स्वयं संयुक्त राष्ट्र के सदस्यों और जनता के स्वैच्छिक दान पर निर्भर है।

महासचिव ने कहा, ‘‘ऐसी ही एकजुटता की जरूरत न केवल महामारी में बल्कि हमारे सामने आने वाली वैश्विक चुनौतियों के लिए है। हम जानते हैं कि जलवायु परिवर्तन का मौजूदा खतरा भुखमरी संकट को और बढ़ा देगा।’’

क्रेडिट : पेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया

%d bloggers like this: