संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन के परिसर में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ की पट्टिका का अनावरण

न्यूयार्क, संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन के परिसर में यहां ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ लिखी पट्टिका का अनावरण किया गया, जो भारत के एकता तथा वैश्विक सहयोग के प्रति प्रतिबद्धता को प्रदर्शित करता है।            पट्टिका का अनावरण भारतीय सांस्कृतिक संबंध परिषद (आईसीसीआर) के अध्यक्ष डॉ. विनय सहस्रबुद्धे और संयुक्त राष्ट्र में भारत की स्थायी प्रतिनिधि राजदूत रुचिरा कंबोज ने बुधवार को एक विशेष समारोह में किया।

             भारत के स्थायी मिशन के परिसर के प्रवेश द्वार में एक दीवार पर पट्टिका में हिंदी में ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ और अंग्रेजी में ‘द वर्ल्ड इज वन फैमिली’ लिखा हुआ है। पट्टिका के अनावरण से पहले संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी मिशन ने आईसीसीआर के साथ मिलकर ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम्’’ विषय पर एक अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन आयोजित किया था।

             भारत ने इस वर्ष जी20 की अध्यक्षता की थी और जी20 की थीम ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम्’’ थी, जो वैश्चिक चुनौतियों से निपटने के लिए एकजुट होने की भारत की प्रतिबद्धता को दर्शाती है। सहस्रबुद्धे ने अनावरण के अवसर पर कहा, ‘‘यह भारत की पहचान है, यह दुनिया के बारे में भारत का दृष्टिकोण है…।’’

             इस कार्यक्रम में संयुक्त राष्ट्र मिशन में भारतीय अधिकारी, राजनयिकों के साथ आईसीसीआर के महानिदेशक कुमार तुहिन और उप महानिदेशक अभय कुमार ने भाग लिया। सहस्रबुद्धे ने कहा कि भारत के स्थाई मिशन में पट्टिका को ‘उचित तरीके’ से दिखाया जाना ‘‘बेहद जरूरी है’’। साथ ही उन्होंने कहा कि कि गणमान्य लोगों के समक्ष पट्टिका का अनावरण करना ‘सम्मान’ की बात है। कंबोज ने कहा कि भारत ‘वसुधैव कुटुम्बकम्’ के दर्शन का प्रचार-प्रसार भी करता है और इसे खुद भी मानता है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर पोस्ट में कहा,‘‘यह पट्टिका संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थाई मिशन के मुख्य प्रवेश द्वार की शोभा बढ़ा रही है जिसमें एकता तथा वैश्विक सहयोग के प्रति हमारी प्रतिबद्धता समाहित है।’’

             मेडागास्कर के एंटानानारिवो में मार्च 2022 में भारतीय दूतावास ने भारत की आजादी के 75 साल होने पर ‘आजादी का अमृत महोत्सव’ को चिह्नित करने के लिए अपने परिसर में ‘‘वसुधैव कुटुम्बकम्’’ की एक पट्टिका का अनावरण किया था।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: