संरा शरणार्थी एजेंसी ने कहा कि दुनियाभर में 12.2 करोड़ से अधिक लोग जबरन विस्थापित हुए

जिनेवा, संयुक्त राष्ट्र शरणार्थी एजेंसी का कहना है कि दुनिया भर में हिंसा और उत्पीड़न के कारण जबरन विस्थापित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 12.2 करोड़ से अधिक हो गई है जो पिछले साल की तुलना में लगभग 20 लाख अधिक है और पिछले दशक की तुलना में लगभग दोगुनी है।

यूएनएचसीआर प्रमुख फिलिपो ग्रांडी ने इसके साथ ही पिछले छह महीनों में कुछ आशा की किरणों की ओर भी इशारा किया जिनमें लगभग 20 लाख सीरियाई लोगों की घर वापसी शामिल है जिनका देश एक दशक से अधिक समय से गृहयुद्ध से उबरने की कोशिश कर रहा है।

यह निष्कर्ष शरणार्थी एजेंसी द्वारा बृहस्पतिवार को अपनी वैश्विक रुझान रिपोर्ट जारी किए जाने के बाद सामने आया है जिसमें कहा गया है कि अप्रैल तक युद्ध हिंसा और उत्पीड़न के कारण विदेश गए या अपने देश में विस्थापित हुए लोगों की संख्या बढ़कर 12.21 करोड़ हो गई जो एक साल पहले 12 करोड़ थी।

इनमें से आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों की संख्या पिछले साल के अंत में 9 प्रतिशत से अधिक बढ़कर 7.35 करोड़ हो गई। ये संख्या संघर्ष हिंसा और उत्पीड़न के वर्षों के आंकड़ों को दर्शाती हैं। रिपोर्ट ऐसे समय में आई है जब मानवीय सहायता समूहों को अमेरिका और अन्य पारंपरिक पश्चिमी दाता देशों से बजट में कटौती का सामना करना पड़ रहा है।

एजेंसी ने कहा कि गृहयुद्ध से जूझ रहा सूडान दुनिया के सबसे बड़े विस्थापन संकट का केंद्र बन गया है जहां संघर्ष के कारण 1.4 करोड़ से अधिक लोग विस्थापित हुए हैं – जो सीरिया के 1.35 करोड़ विस्थापितों से अधिक हैं। यूएनएचसीआर ने कहा कि अफगानिस्तान में एक करोड़ से अधिक लोगों को जबरन विस्थापित किया गया है और लगभग 88 लाख लोग यूक्रेन के भीतर या बाहर विस्थापित हुए हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: