नयी दिल्ली, दिल्ली के पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने मंगलवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी (आप) सरकार पर पराली जलाने के आंकड़ों को गलत तरीके से पेश करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार इस साल पराली जलाने की कोई घटना नहीं होने का दावा कर रही है फिर भी किसानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं।
सिरसा ने दावा किया कि पंजाब सरकार ने इस साल राज्य में पराली जलाने की कोई घटना नहीं होने का प्रचार करने के लिए विज्ञापनों पर 20-25 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
उन्होंने आरोप लगाया कि पंजाब के विभिन्न जिलों में पराली जलाने के मामले में किसानों के खिलाफ 271 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं।
सिरसा ने कहा पराली जलाने की एक हजार से अधिक घटनाओं की जानकारी हमें है और 271 प्राथमिकी दर्ज की गई हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि आप के सार्वजनिक दावों और किसानों के खिलाफ की जा रही कार्रवाई में विरोधाभास है।
मंत्री ने आरोप लगाया कि आप पंजाब में पराली जलाने और दिल्ली के प्रदूषण के बीच संबंध को लेकर लोगों को गुमराह कर रही है। उन्होंने कहा कि पार्टी के नेता दावा कर रहे हैं कि दोनों का आपस में कोई संबंध नहीं है जबकि राज्य में किसानों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जा रही हैं।
सिरसा ने आप के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल पर दिल्ली से बदला लेने का आरोप भी लगाया। उन्होंने दावा किया कि राष्ट्रीय राजधानी में भाजपा सरकार के कार्यकाल में वायु गुणवत्ता में सुधार से आप असहज है।
उन्होंने दावा किया कि अक्टूबर 2026 पिछले एक दशक में सबसे स्वच्छ अक्टूबर रहा और इस साल अब तक दिल्ली में 220 दिन हवा की गुणवत्ता साफ रही।
सिरसा ने आगे दावा किया कि दिल्ली का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पिछले वर्षों की समान अवधि की तुलना में करीब 10 प्रतिशत कम रहा है। उन्होंने इसका श्रेय मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के नेतृत्व वाली सरकार और शहर के निवासियों के सामूहिक प्रयासों को दिया।
सिरसा के आरोपों पर आम आदमी पार्टी की ओर से तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं आई।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common