स्पेन और जापान महिला फुटबॉल विश्व कप के नॉकआउट चरण में


डुनेडिन (न्यूजीलैंड) , जेनिफेर हर्मोसो के दो गोल की मदद से स्पेन ने जाम्बिया को 5 . 0 से हराकर फीफा महिला विश्व कप फुटबॉल के नॉकआउट चरण में प्रवेश कर लिया । स्पेन की जीत के साथ ही जापान ने भी प्री क्वार्टर फाइनल में जगह बना ली । दोनों के बीच सोमवार को होने वाले मैच से शीर्ष दो टीमों का निर्धारण होगा ।
अपना सौवां मैच खेल रही स्पेन की हर्मोसो ने आकलैंड में खेले गए मैच में 13वें और 70वें मिनट में गोल दागे । वहीं टेरेसा एबेलेइरा ने नौवें मिनट में पहला गोल किया था । अल्बा रेडोंडो ने 69वें और 85वें मिनट में गोल किया । इससे पहले हिकारू नाओमोतो और ओबा फुजिनो ने पहले हाफ में दो मिनट के भीतर गोल करके जापान को कोस्टा रिका पर 2 . 0 से जीत दिलाई । इस मैच को देखने के लिये सात हजार से भी कम दर्शक मौजूद थे जबकि आकलैंड और सिडनी के मैचों में एक लाख से अधिक दर्शक उमड़े ।
जापान का सामना अब वेलिंगटन में स्पेन से होगा जबकि कोस्टा रिका की टक्कर जाम्बिया से होगी । जाम्बिया और कोस्टा रिका दोनों ग्रुप सी से नॉकआउट की दौड़ से बाहर हो चुके हैं ।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: