स्वियातेक, नडाल बने ‘आईटीएफ विश्व चैम्पियन’

लंदन, इगा स्वियातेक और राफेल नडाल को अंतरराष्ट्रीय टेनिस महासंघ (आईटीएफ) ने गुरूवार को अपने 2022 आईटीएफ विश्व चैम्पियन के तौर पर सम्मानित किया। दोनों ने इस सत्र में दो ग्रैंडस्लैम खिताब जीते हैं।

आईटीएफ अपने पुरस्कार का फैसला करने के लिये सभी प्रतियोगिताओं को शामिल करता है जिसमें विशेष तवज्जो चार मेजर चैम्पियनशिप तथा दो टीम स्पर्धायें बिली जीन किंग कप और डेविस कप को दी जाती है।

नडाल एटीपी रैंकिंग में कार्लोस अल्काराज के बाद दूसरे स्थान पर रहने के बावजूद इसे जीतने में सफल रहे जबकि स्वियातेक ने साल के अंत की डब्ल्यूटीए रैंकिंग में शीर्ष स्थान हासिल किया।

यह पांचवीं बार है जब नडाल ने आईटीएफ का सम्मान हासिल किया है, वह 2008, 2010, 2017 और 2019 में ऐसा कर चुके हैं। उन्होंने जनवरी में आस्ट्रेलियाई ओपन और जून में फ्रेंच ओपन जीतकर रिकार्ड 22 ग्रैंडस्लैम खिताब अपने नाम किये।

स्वियातेक पहली बार आईटीएफ विश्व चैम्पियन बनी हैं और ऐसा उनके फ्रेंच ओपन और अमेरिकी ओपन जीतने की बदौलत हुआ है जो उनकी क्रमश: दूसरी और तीसरी करियर मेजर ट्राफियां थीं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Associated Press (AP)

%d bloggers like this: