हम्पी के स्मारकों को उनके गौरवशाली रूप में पुनर्स्थापित करने की जरूरत: निर्मला सीतारमण

होस्पेट (कर्नाटक),  केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने पूर्ववर्ती विजयनगर साम्राज्य की राजधानी हम्पी में स्मारकों के जीर्णोद्धार की आवश्यकता पर जोर दिया। विजयनगर जिले के हम्पी में भगवान विरुपाक्ष के दर्शन करने के बाद पत्रकारों से बात करते हुए सीतारमण ने विजयनगर साम्राज्य के प्रख्यात शासक कृष्णदेव राय की सराहना की।

            उन्होंने पत्रकारों से कहा  ‘‘मुझे हम्पी के इतिहास पर गर्व है  लेकिन इस क्षेत्र में हुए विनाश के स्तर के बारे में जानकर मुझे उतना ही दुख भी होता है  अब हम सभी की जिम्मेदारी है कि हम स्मारकों और मंदिरों को उनके गौरवशाली स्वरूप में पुनर्स्थापित करें। यह यूनेस्को द्वारा मान्यता प्राप्त स्थल है और मुझे लगता है कि भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) भी यहां काफी काम कर रहा है।’’

            वित्त मंत्री ने कहा कि यहां के स्मारक कृष्णदेव राय के गौरवशाली काल की कहानी कहते हैं।

            उन्होंने आगे कहा  ‘‘कृष्णदेव राय एक अद्भुत राजा थे जो अपनी प्रजा को जानते थे। जिस तरह उन्होंने सभी की समृद्धि के लिए राज्य का निर्माण किया  वह किसी भी आधुनिक प्रशासन के लिए एक मिसाल है। इससे भी महत्वपूर्ण बात यह है कि हमें इस स्थान को उसके समग्र गौरवशाली रूप के साथ बरकरार रखना है।’’

             विजयनगर साम्राज्य एक गौरवशाली दक्षिण भारतीय साम्राज्य था जो 1336 ईस्वी से 1646 ईस्वी तक अस्तित्व में रहा। इस साम्राज्य के हम्पी स्थित खंडहर यूनेस्को विश्व धरोहर स्थल की सूची में शामिल हैं।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: