हरमनप्रीत ने भारतीय क्रिकेट को कप्तान के तौर पर सब कुछ दिया : युवराज, शेफाली ने की सराहना

नयी दिल्ली भारत के पूर्व ऑलराउंडर युवराज सिंह और मौजूदा सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा ने मंगलवार को हरमनप्रीत कौर के भारतीय महिला टीम की तीनों प्रारूपों की कप्तानी से हटने के बाद उनकी सराहना की। भारत को एकमात्र महिला विश्व कप खिताब दिलाने वाली कप्तान हरमनप्रीत ने तीनों प्रारूपों की कप्तानी छोड़ते हुए कहा कि उन्होंने कप्तान के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभा दी है और अब वह ‘फिर से खेल के प्रति प्यार के लिए खेलने को तैयार हैं।’

हरमनप्रीत की तरह पंजाब से आने वाले युवराज ने इंस्टाग्राम स्टोरी पर 2025 महिला विश्व कप की ट्रॉफी पकड़े उनकी तस्वीर साझा की। उन्होंने इंस्टाग्राम पर लिखा ‘‘हरमन आपने कप्तान के तौर पर भारतीय क्रिकेट को अपना सब कुछ दिया। जिम्मेदारी दबाव उतार-चढ़ाव आपने यह सब गर्व के साथ संभाला। टीम और देश के लिए आपने जो कुछ किया उसके लिए बधाई।’’

हरमनप्रीत की कप्तानी में भारत के लिए पदार्पण करने वाली सलामी बल्लेबाज शेफाली ने इंस्टाग्राम पर एक व्यक्तिगत संदेश लिखा। उन्होंने कहा ‘‘जिस दिन मैंने पदार्पण किया उस दिन से आप मैदान के अंदर और बाहर हमेशा मेरे साथ रही हैं। शुरुआती दिनों में मेरा मार्गदर्शन करने से लेकर हर परिस्थिति में मेरे साथ खड़े रहने तक मुझे हमेशा पता था कि मैं आप पर भरोसा कर सकती हूं।’’

शेफाली ने लिखा ‘‘हरमन दी भारतीय महिला क्रिकेट में आपका योगदान हमेशा याद रखा जाएगा। आपने कुछ अविस्मरणीय पलों में हमारा नेतृत्व किया और आज की हमारी टीम को आकार देने में अहम भूमिका निभाई। कप्तान हर चीज के लिए धन्यवाद।’’ सैंतीस वर्षीय हरमनप्रीत का यह फैसला गुवाहाटी में भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) की समीक्षा बैठक के बाद आया जिसमें पिछले कुछ महीनों में टीम के प्रदर्शन और दिशा की समीक्षा की गई। बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया की अध्यक्षता में हुई बैठक में हरमनप्रीत उपकप्तान स्मृति मंधाना और मुख्य कोच अमोल मजूमदार शामिल हुए। टीम की कप्तानी करने की अपनी महत्वाकांक्षा पहले ही जाहिर कर चुकीं स्मृति अगली कप्तान बनने की प्रबल दावेदार हैं।

इंडियन प्रीमियर लीग की टीम पंजाब किंग्स और मुंबई इंडियंस ने भी ‘एक्स’ पर हरमनप्रीत की सराहना की।पंजाब किंग्स ने लिखा ‘‘साहस और शालीनता से बनी विरासत! कप्तान धन्यवाद।’’ हरमनप्रीत की कप्तानी में दो महिला प्रीमियर लीग (डब्ल्यूपीएल) खिताब जीतने वाली मुंबई इंडियंस ने लिखा ‘‘आगे बढ़कर नेतृत्व किया। पूरे दिल से लड़ीं। एक पीढ़ी को प्रेरित किया। कप्तान कौर आपकी विरासत के लिए धन्यवाद।’’

हरमनप्रीत ने नवंबर 2025 में भारत को उसका पहला महिला विश्व कप खिताब दिलाया था और पिछले महीने एशियाई खेलों में स्वर्ण पदक भी दिलाया था। वह भारत के लिए खेलना जारी रखेंगी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: