बुनिया (कांगो), पूर्वी कांगो में तेजी से फैल रहे इबोला संक्रमण के पुष्ट मामलों की संख्या 12 000 के पार पहुंच गई है। बृहस्पतिवार को जारी सरकारी आंकड़ों से यह जानकारी मिली। विद्रोहियों और सेना के बीच जारी संघर्ष के कारण बीमारी के प्रसार को रोकने के प्रयास बाधित हो रहे हैं।
कांगो के स्वास्थ्य मंत्रालय के आंकड़ों के अनुसार यह इतिहास में सबसे तेजी से फैलने वाला इबोला का प्रकोप है और संक्रमण की पुष्टि वाले 12 021 लोगों में से लगभग आधे लोगों की मौत हो चुकी है।
पूर्वी कांगो में बुनिया से लगभग 25 किलोमीटर उत्तर में स्थित खनन नगर इगा-बैरियर में बृहस्पतिवार सुबह सेना और ‘कन्वेंशन फॉर द पॉपुलर रिवोल्यूशन’ के विद्रोहियों के बीच फिर से संघर्ष शुरू हो गया जिसके कारण बड़ी संख्या में विस्थापित लोग बुनिया की ओर जाने लगे हैं। बुनिया उत्तर-पूर्वी इतुरी प्रांत की राजधानी और इबोला से निपटने के अभियानों का एक प्रमुख केंद्र है।
विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की इबोला आपात प्रतिक्रिया अभियान की प्रबंधक डॉ. कैथरीन स्मॉलवुड ने बुधवार को कहा कि सेना और विद्रोहियों के बीच संघर्ष के कारण स्वास्थ्य दल कुछ समुदायों तक नहीं पहुंच पा रहे हैं वायरस के संपर्क में आए लोगों की निगरानी बाधित हुई है और कुछ उपचार केंद्रों में स्वास्थ्यकर्मियों की संख्या कम हो गई है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common