मुंबई, पूर्व कप्तान अजिंक्य रहाणे ने भारत और न्यूजीलैंड के बीच संबंधों को मजबूत बनाने में खेल की अहमियत पर जोर देते हुए कहा कि खेल के माध्यम से बने रिश्ते देशों को करीब ला सकते हैं और खेल के मैदान से बाहर भी नए मौके पैदा कर सकते हैं। रहाणे हाल में ‘स्पोर्ट न्यूजीलैंड इहि एओटेरोआ’ द्वारा आयोजित ‘भारत-न्यूजीलैंड: खेल के माध्यम से एकता के 100 वर्ष’ (इंडिया-न्यूजीलैंड: हंड्रेड ईयर्स ऑफ यूनिटी थ्रू स्पोर्ट’ समारोह का हिस्सा बने थे।
इस कार्यक्रम में उन्होंने न्यूजीलैंड के पूर्व क्रिकेटर ग्रांट इलियट और न्यूजीलैंड की पूर्व हॉकी खिलाड़ी जेम्मा मैककॉ के साथ मंच साझा किया। इस दौरान दोनों देशों के बीच आपसी जुड़ाव बढ़ाने संबंध मजबूत करने और सहयोग के नए अवसर पैदा करने में खेल की भूमिका पर चर्चा की गई। रहाणे ने इस बात पर भी विचार साझा किए कि किस तरह खिलाड़ी अपने खेल करियर के बाद उद्यमिता की दुनिया में कदम रख सकते हैं और नए पेशेवर मौके तलाश सकते हैं।
उन्होंने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में कहा ‘‘जेम्मा का व्यावसायिक उद्यम और खेल उपकरणों से जुड़ा ग्रांट का कारोबार इस बात के बेहतरीन उदाहरण हैं कि खिलाड़ी अपने खेल करियर के दौरान मिले अनुभवों सीख और बनाए गए संबंधों का इस्तेमाल नए पेशेवर क्षेत्रों में कैसे कर सकते हैं। ’’
अपने अनुभवों का जिक्र करते हुए रहाणे ने न्यूजीलैंड के खिलाफ खेलने के मौकों को याद किया और न्यूजीलैंड की टीम की खेल भावना और प्रतिस्पर्धात्मक रवैये की भी सराहना की। उन्होंने कहा ‘‘खिलाड़ी होने के नाते हम स्वाभाविक रूप से उन व्यवसायों से जुड़ाव महसूस करते हैं जो मुश्किल परिस्थितियों में मजबूती से टिके रहते हैं क्योंकि हमने अपने पेशेवर करियर में भी कई तरह के अनुभव हासिल किए हैं। इस दौरान हमें कारोबार के कई मौके मिलते हैं लेकिन हम हर मौके को नहीं अपना सकते। ’’
रहाणे ने कहा ‘‘ऐसे व्यावसायिक साझेदारों को चुनना महत्वपूर्ण है जिन पर हम भरोसा कर सकें जिनके साथ काम कर सकें और चुनिंदा व्यावसायिक उपक्रमों में सार्थक योगदान दे सकें। भारत और न्यूजीलैंड जब अगले 100 वर्षों की ओर देख रहे हैं तो मुझे उम्मीद है कि खेल हमारे दोनों देशों के बीच एक मजबूत सेतु बना रहेगा। यह युवा खिलाड़ियों और एथलीटों को प्रेरित करेगा नए मौके पैदा करेगा और प्रशंसकों को एक साथ लाएगा। ’’क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common