तिरुवनंतपुरम, कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और केरलम के पूर्व मुख्यमंत्री के. करुणाकरण की बेटी पद्मजा वेणुगोपाल ने भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) छोड़ दी है। उन्होंने कहा कि भाजपा में शामिल होने का उनका फैसला ‘‘जल्दबाजी में लिया गया एक गलत निर्णय’’ था। पद्मजा वेणुगोपाल ने मलयालम समाचार चैनल ‘एशियानेट न्यूज’ को दिए एक साक्षात्कार में यह घोषणा की।
पद्मजा कांग्रेस छोड़ने के बाद सात मार्च 2024 को नयी दिल्ली में भाजपा में शामिल हुई थीं। उन्होंने कहा कि वह भाजपा से पहले ही इस्तीफा दे चुकी हैं लेकिन इस बारे में किसी को सूचित नहीं किया था क्योंकि वह सही समय का इंतजार कर रही थीं। उन्होंने कहा ‘‘मैंने इस्तीफा दे दिया है। लेकिन बहुत से लोगों को यह नहीं पता कि मैंने इस्तीफा दे दिया है। मैंने किसी को नहीं बताया है।’’
पद्मजा ने कहा कि उन्होंने पर्याप्त विचार किए बिना भाजपा में शामिल होने का फैसला किया था और अब उन्हें लगा कि गलती सुधारने का समय आ गया है। उन्होंने कहा ‘‘मैंने यह फैसला बिना सोचे-समझे लिया था।’’ उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा में किसी से उनकी कोई शिकायत नहीं है और यह फैसला उनकी अपनी गलती थी।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common