पहला प्रयास विफल, चक्काकोम्बन हाथी को रेडियो कॉलर लगाने की नई योजना

इडुक्की (केरलम), वन अधिकारियों ने बृहस्पतिवार को कहा कि वे जिले के चिन्नाकनाल इलाके में घूम रहे जंगली हाथी चक्काकोम्बन को पकड़ने और रेडियो कॉलर लगाने के लिए नयी योजना तैयार कर रहे हैं। मुख्य वन संरक्षक डी के विनोद कुमार ने कहा कि बुधवार को कम दृश्यता और खराब मौसम के कारण अभियान रोक दिए जाने के बाद अब नयी रणनीति अपनाई जाएगी। चिन्नाकनाल की 301 कॉलोनी में हाल ही में हाथी के बार-बार रिहायशी इलाकों में घुसने कटहल की तलाश में लोगों पर हमला करने और संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं के विरोध में प्रदर्शन हुए थे।

इसके बाद सरकार ने हाथी को बेहोश कर रेडियो कॉलर लगाने का फैसला किया ताकि उसकी नियमित निगरानी की जा सके और उसे मानव बस्तियों के आसपास आने से रोका जा सके। अभियान के दूसरे दिन कुमार ने पत्रकारों को बताया कि हाथी चेम्बरथुकुझी आदिवासी बस्ती के एक इलायची बागान में है लेकिन कम दृश्यता के कारण फिलहाल अभियान चलाना संभव नहीं है। उन्होंने कहा दृश्यता कम होने से डार्ट चलाने के लिए सही दिशा का अनुमान लगाना मुश्किल है। हाथी के खुले स्थान पर आने के बाद फिर अभियान चलाया जाएगा।

कुमार ने कहा कि सभी दल मौके पर तैनात हैं और बुधवार के अभियान में सामने आई कमियों को दूर कर लिया गया है। बेहतर तालमेल और सुरक्षा के लिए चार दलों की जगह अब दो दल अभियान में शामिल होंगे। कर्मियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी जाएगी। कुमार के मुताबिक चक्काकोम्बन फिलहाल इलायची के बागान में रुका हुआ है। वह आमतौर पर सुबह आराम करता है और दोपहर के आसपास फिर चलना शुरू करता है। यह हाथी चेम्बरथुकुझी इडुक्कुझी और 301 कॉलोनी समेत कई बस्तियों से होकर गुजर रहा था जहां बुधवार को उसको पकड़ने का प्रयास किया गया था।

उन्होंने कहा कि वन विभाग के कर्मचारी चिन्नाकनाल इलाके में मौजूद सभी 17 हाथियों की गतिविधियों पर लगातार नजर रख रहे हैं। हाथियों की आवाजाही की जानकारी प्राथमिकता के आधार पर स्थानीय लोगों के साथ साझा की जा रही है। जरूरत पड़ने पर संवेदनशील इलाकों में लोगों की आवाजाही पर प्रतिबंध भी लगाया जा सकता है। हाथी को बेहोश करने की प्रक्रिया के बारे में कुमार ने कहा कि शुरुआती खुराक देने के 10 से 15 मिनट के भीतर पशु चिकित्सकों की टीम हाथी पर दवा के असर का आकलन करेगी। हाथी के पास जाने से पहले उसकी गतिविधियों और अन्य शारीरिक मानकों की निगरानी की जाएगी।

उन्होंने कहा कि हाथी की सांस और अन्य महत्वपूर्ण शारीरिक संकेतों के आधार पर उसे दवा की अतिरिक्त खुराक दी जाएगी और इस तरह अभियान पूरा किया जाएगा। चक्काकोम्बन नाम हाथी को कटहल की तलाश में बार-बार घरों में घुसने के कारण मिला है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common