गोपेश्वर, उत्तराखंड में बदरीनाथ नगर पंचायत ने इस साल ईको पर्यटन शुल्क के रूप में 1.57 करोड़ रुपये से अधिक की आय अर्जित की है। अधिकारियों ने मंगलवार को यह जानकारी दी। चमोली के जिलाधिकारी गौरव कुमार ने बताया कि इस वर्ष ईको पर्यटन शुल्क से कुल एक करोड़ 57 लाख 18 हजार 930 रुपये की आय हुई है।
इसमें धाम में आने वाले वाहनों से एक करोड़ 25 लाख 58 हजार 490 रुपये तथा एंबुलेंस और हेलीकॉप्टरों से 31 लाख 46 हजार 440 रुपये की आय शामिल है। उन्होंने बताया कि इस राजस्व से बदरीनाथ धाम में बुनियादी सुविधाओं के संचालन और विस्तार में मदद मिल रही है। इसके माध्यम से पथ प्रकाश सफाई ठोस अपशिष्ट प्रबंधन और विभिन्न विकास कार्यों को गति दी जा रही है। साथ ही तीर्थयात्रियों की सुविधा के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं करने यात्रा अवधि में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती और अवरोधकों के संचालन में भी इस राशि का उपयोग किया जा रहा है।
बदरीनाथ धाम के कपाट 16 नवंबर को बंद हो गए थे। आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार 23 अप्रैल को मंदिर के कपाट खुलने के बाद शुरू हुए यात्रा सत्र में 23.49 लाख से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान बदरी विशाल के दर्शन किए जबकि 2.83 लाख से अधिक वाहन धाम पहुंचे।
बदरीनाथ नगर पंचायत में चार साल पहले ईको पर्यटन शुल्क की व्यवस्था शुरू की गई थी। इसके लिए राज्य सरकार ने 2022 में गजट अधिसूचना जारी की थी जिसके आधार पर धाम आने वाले वाहनों से यह शुल्क लिया जा रहा है। इसके तहत चौपहिया वाहनों के लिए 60 रुपये टेंपो ट्रैवलर और मिनी बस के लिए 100 रुपये बस के लिए 120 रुपये तथा हेलीकॉप्टर के लिए एक हजार रुपये शुल्क निर्धारित है।
धाम में तीर्थयात्रियों और वाहनों की बढ़ती संख्या के कारण शुल्क भुगतान में होने वाली परेशानी को देखते हुए नगर पंचायत ने 2025 में देवदर्शनी फास्ट ट्रैक व्यवस्था भी शुरू की थी। इससे शुल्क भुगतान की प्रक्रिया सुगम हो गई है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common