लखनऊ, उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को विपक्ष पर संविधान और लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जिन लोगों ने सत्ता में रहते हुए संविधान का गला घोंटने का प्रयास किया वे आज लाल किताब लेकर जनता को गुमराह कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि संविधान की संप्रभुता किसी व्यक्ति परिवार या जाति विशेष में नहीं बल्कि देश के आम नागरिक में निहित है।
मुख्यमंत्री लोक भवन ऑडिटोरियम में संविधान दिवस पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने डॉ. भीमराव आंबेडकर मूर्ति विकास योजना के तहत प्रदेश के 3 955 मूर्ति स्थलों के सौंदर्यीकरण कार्यों की शुरुआत की और अतिथियों के साथ संविधान की उद्देशिका का सामूहिक पाठ किया।
आदित्यनाथ ने कहा कि प्रदेश में बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर और सामाजिक न्याय के महापुरुषों से जुड़े 4 030 स्थल चिह्नित किए गए हैं। इनमें से 3 955 स्थलों पर छतरी चारदीवारी सीसीटीवी कैमरे और अन्य सुरक्षा व्यवस्थाएं विकसित करने के साथ फूलों के पौधे लगाए जाएंगे। यह अभियान महापुरुषों के योगदान और समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति की भावनाओं के सम्मान का प्रयास है।
उन्होंने कहा कि भारत का संविधान 145 करोड़ नागरिकों का गौरव और मार्गदर्शक है। दुनिया के कई देशों में जाति रंग और लिंग के आधार पर लोगों को लंबे समय तक मताधिकार से वंचित रखा गया जबकि भारत ने संविधान लागू होने के पहले दिन से ही हर वयस्क नागरिक को मतदान का अधिकार दिया। मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने बाबा साहेब को भारत रत्न नहीं दिया और उन्हें संसद तक पहुंचने से रोकने के लिए षड्यंत्र किए। उन्होंने कहा कि सपा सरकार ने कन्नौज मेडिकल कॉलेज से बाबा साहेब का नाम हटा दिया था जिसे वर्तमान सरकार ने बहाल किया।
उन्होंने महाराज सुहेलदेव के सम्मान में बहराइच में स्मारक और उनके नाम पर मेडिकल कॉलेज तथा राजा महेंद्र प्रताप सिंह के नाम पर अलीगढ़ में राज्य विश्वविद्यालय स्थापित किए जाने का भी उल्लेख किया। आदित्यनाथ ने पिछली सरकारों पर माफिया और अपराधियों को संरक्षण देने प्रश्नपत्र लीक होने नकल नौकरियों में वसूली और गरीबों को सरकारी योजनाओं के लाभ से वंचित रखने का आरोप लगाया।
उन्होंने कहा कि कानून का राज और विधि का शासन ही विकास की गारंटी है। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक मंत्री सुरेश खन्ना और असीम अरुण तथा मुख्य सचिव एसपी गोयल और पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्ण सहित अन्य लोग मौजूद थे।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common