लखनऊ/प्रतापगढ़ (उप्र), जनसत्ता दल (लोकतांत्रिक) के अध्यक्ष और कुंडा से विधायक कुंवर रघुराज प्रताप सिंह उर्फ राजा भैया ने हिंदुओं को सलाह दी कि उन्हें इस्लाम से एकजुटता सीखनी चाहिए। क्या कोई ऐसी विचारधारा है जो हिंदुओं को एकजुट करे इस सवाल पर राजा भैया ने ‘पीटीआई-वीडियो’ से कहा “हिंदुओं को किसी राजनीतिक दल के दायरे में बंधकर नहीं रहना चाहिए। मुस्लिम अलग-अलग राजनीतिक दलों में होने के बावजूद इस्लाम को प्राथमिकता देते हैं। जब बात हिंदुत्व की आए तो हिंदुओं को यह सोचना चाहिए कि वे पहले हिंदू हैं राजनीतिक दल आते-जाते रहेंगे।”
हिंदुत्व के नाम पर राजनीतिक दलों के बंटे होने और कुछ दलों द्वारा नरम हिंदुत्व जबकि कुछ दलों द्वारा कट्टर हिंदुत्व की वकालत किए जाने के सवाल पर सिंह ने कहा “भगवान का सीसीटीवी कैमरा केवल बाहर की ही नहीं बल्कि अंदर की तस्वीरें भी कैद करता है। इसलिए उनसे कुछ भी छिपा नहीं है।”
उन्होंने कहा “मैं किसी पार्टी विशेष का नाम नहीं लेना चाहूंगा। लेकिन मैं यह कह रहा हूं कि एक या दो को छोड़कर सभी राजनीतिक दल नहीं चाहते कि हिंदुओं में एकता हो।”
प्रतापगढ़ के कुंडा में 17 से 20 नवंबर तक बागेश्वर धाम के धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री की राम कथा रोकने की बात करने वालों को लेकर कुंडा विधायक ने कहा कि ऐसा करना असंवैधानिक है।
उन्होंने कहा कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जाति-पाति की विदाई और हिंदुओं की एकजुटता की बात करते हैं।
उन्होंने कहा कि इस राम कथा में करीब 500 पाकिस्तानी हिंदू शरणार्थी भी शामिल होंगे जो पाकिस्तान में हुए अत्याचारों की अपनी कहानियां साझा करेंगे।
अखिलेश यादव की अगले महीने प्रस्तावित अयोध्या यात्रा पर उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है और सभी को दर्शन करने जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि जिसने अयोध्या में रामलला के दर्शन नहीं किए वह बड़े सौभाग्य से वंचित है।
इस सवाल पर कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान कृष्ण के बारे में कुछ कथित विवादास्पद बयान दिए थे रघुराज प्रताप सिंह ने कहा “भगवान राम और भगवान कृष्ण की लीलाओं में काफी अंतर है। स्वाभाविक रूप से उनके भक्तों में भी अंतर होता है और उनके भक्ति प्रकट करने के तरीकों में भी फर्क होता है। उदाहरण के लिए भगवान श्री कृष्ण के भक्त उन्हें अक्सर माखनचोर चितचोर जैसे नामों से पुकारते हैं।”
उन्होंने कहा कि अगर कोई सिर्फ विरोध करने के लिए ही आपत्ति जताता है तो वह एक अलग बात है।
उन्होंने कहा “असल में हमारी सनातन परंपरा और हिंदू आस्था की एक अनूठी विशेषता यह है कि अक्सर हिंदू ही ऐसी आपत्तियां उठाते हैं। आपने गौर किया होगा कि शायद ही किसी मुसलमान ने कभी ऐसी बातों पर आपत्ति जताई हो या विरोध किया हो।”
उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री जाति व्यवस्था को खत्म करने और हिंदू एकता को बढ़ावा देने की वकालत करते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के इस आह्वान का भी जिक्र किया कि सुरक्षित रहने के लिए एकजुट रहें।
अगले वर्ष की शुरुआत में उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनावों के लिए संभावित राजनीतिक गठबंधनों के बारे में उन्होंने कहा कि जो भी पार्टी जनसत्ता दल के सिद्धांतों और मान्यताओं के साथ जुड़ना चाहेगी उसके साथ सम्मानजनक बातचीत की जाएगी।
उन्होंने समाजवादी पार्टी (सपा) के साथ गठबंधन की संभावना पर कोई स्पष्ट जवाब नहीं दिया।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common