नागपुर, महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में उल्कापिंड के टकराने से बनी लोनार झील को प्रतिष्ठित थर्ड 100 आईयूजीएस जियोलॉजिकल हेरिटेज साइट्स की सूची में शामिल किया गया है। पत्र सूचना कार्यालय ने एक बयान जारी कर इसकी जानकारी दी है।
बयान में कहा गया है कि भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) की ओर से इस संबंध में भेजे गए प्रस्ताव को अंतरराष्ट्रीय भूवैज्ञानिक विज्ञान संघ (आईयूजीएस) ने स्वीकार किया है।
पत्र सूचना कार्यालय (पीआईबी) ने बताया कि आईयूजीएस भूवैज्ञानिक विरासत स्थलों को उनके असाधारण वैज्ञानिक महत्व और भूवैज्ञानिक संरचनाओं प्रक्रियाओं तथा खोजों के उत्कृष्ट उदाहरण होने के आधार पर मान्यता देता है। ये स्थल पृथ्वी और उसके इतिहास को समझने के लिहाज से दुनिया के सबसे महत्वपूर्ण स्थानों में शामिल हैं।
इसमें कहा गया है कि वर्ष 2022 से अब तक 90 देशों के 1 000 से अधिक विशेषज्ञों और 20 अंतरराष्ट्रीय संगठनों ने इस कार्यक्रम में योगदान दिया है। उन्होंने स्थलों के प्रस्ताव देने चयन प्रक्रिया में भाग लेने और उनके वैज्ञानिक महत्व का मूल्यांकन करने में भूमिका निभाई।
दुनिया के सबसे बड़े वैज्ञानिक संगठनों में से एक 74 सक्रिय राष्ट्रीय सदस्यों वाला आईयूजीएस मानव कल्याण के लिए पृथ्वी विज्ञान के क्षेत्र में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और भागीदारी को प्रोत्साहित करता है।
विज्ञप्ति के मुताबिक बुलढाणा स्थित लोनार झील का क्रेटर पृथ्वी पर मौजूद सबसे युवा और सबसे अच्छी तरह संरक्षित कटोरे के आकार की उल्कापिंड प्रभाव संरचनाओं में से एक है। इसकी उम्र करीब 12 000 वर्ष और व्यास लगभग 1.88 किलोमीटर है।
यह झील करीब 6.5 करोड़ वर्ष पहले बने दक्कन ट्रैप्स के विशाल क्षेत्र में स्थित है। दक्कन ट्रैप्स ज्वालामुखीय गतिविधियों से बनी बेसाल्ट चट्टानों की विस्तृत श्रृंखला है।
लोनार झील का विशेष वैज्ञानिक महत्व इसलिए भी है क्योंकि यह बेसाल्ट चट्टानों में उल्कापिंड के अत्यधिक वेग से टकराने के कारण बनी दुनिया की दुर्लभ संरचनाओं में शामिल है। इसे पृथ्वी पर ज्ञात ऐसे पांच क्रेटरों में से एक माना जाता है जो बेसाल्ट चट्टानों में बने हैं।
इस क्रेटर के केंद्र में खारे और क्षारीय पानी की झील मौजूद है जो इसे विशिष्ट भूवैज्ञानिक और पारिस्थितिक स्वरूप प्रदान करती है। इसकी गोलाकार संरचना गहराई और व्यास का अनुपात भीतरी ढलानों पर दिखाई देने वाले बेसाल्ट लावा प्रवाह चट्टानों के टूटे हुए हिस्से और आसपास फैले मलबे के जमाव इसके उल्कापिंड से बने होने के प्रमाण हैं।
उल्कापिंड के प्रभाव से बनी कांच जैसी सामग्री गोलाकार कण और पिघली हुई चट्टानें भी वैज्ञानिकों को इस तरह की टक्करों के दौरान होने वाली भौतिक और रासायनिक प्रक्रियाओं को समझने में मदद करती हैं।
विज्ञप्ति में कहा गया है कि भारत में भूवैज्ञानिक विरासत के संरक्षण के लिए लगातार प्रयास कर रहे भारतीय भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (जीएसआई) ने इस प्रतिष्ठित अंतरराष्ट्रीय पहल के तहत लोनार झील को शामिल कराने के लिए प्रस्ताव भेजने की पहल की थी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common