पूर्वी उप्र के पिछड़ेपन के लिए सपा और कांग्रेस की सरकारें जिम्मेदार: पंकज चौधरी

गोरखपुर (उप्र), पूर्वी उत्तर प्रदेश के पिछड़ेपन के लिए समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की सरकारों को जिम्मेदार ठहराते हुये भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की उत्तर प्रदेश इकाई के अध्यक्ष पंकज चौधरी ने बृहस्पतिवार को आरोप लगाया कि इन सरकारों ने इस क्षेत्र का इस्तेमाल केवल राजनीति के लिए किया और इसके विकास पर ध्यान नहीं दिया।

गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज में राज्य के पहले वानिकी एवं उद्यानिकी विश्वविद्यालय के शिलान्यास कार्यक्रम को संबोधित करते हुए चौधरी ने कहा कि पूर्वी उत्तर प्रदेश लंबे समय से बाढ़ बेरोजगारी पिछड़ेपन और पलायन की समस्या से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा कि क्षेत्र के पिछड़ेपन के लिए सबसे अधिक जिम्मेदार सपा और कांग्रेस की सरकारें हैं। पहले यहां के युवाओं को उच्च शिक्षा और शोध के लिए दिल्ली मुंबई बेंगलुरु और देहरादून जैसे शहरों में जाना पड़ता था।

चौधरी ने सपा और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की पिछली सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि इन सरकारों ने गोरखपुर महाराजगंज और पूरे पूर्वांचल को बीमारी पिछड़ेपन और अभाव की स्थिति में छोड़ दिया था। केंद्रीय मंत्री चौधरी ने कहा कि दशकों तक सत्ता में रहे नेताओं ने केवल अपने परिवारों का विकास किया और अब पूर्वी उत्तर प्रदेश में हो रहे बदलाव को देखकर वे निराश हैं।

उन्होंने कहा कि प्रस्तावित विश्वविद्यालय तराई क्षेत्र को शिक्षा और शोध का केंद्र बनाएगा। इससे कृषि आधारित उद्योगों को बढ़ावा मिलेगा और युवाओं को नौकरी तलाशने के बजाय अपना कारोबार शुरू करने के अवसर मिलेंगे।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common