नयी दिल्ली, अक्षर पटेल दिल्ली कैपिटल्स के उप कप्तान की अपनी नई भूमिका को लेकर रोमांचित हैं और उनका कहना है कि पिछले कुछ सत्र में उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए जो कड़ी मेहनत की है यह उसका पुरस्कार है।
ऑलराउंडर अक्षर ने दिल्ली के ट्विटर हैंडल पर पोस्ट वीडियो में कहा, ‘‘मेरे नजरिए से अगर आपको यह भूमिका मिली है तो इसका मतलब है कि सीनियर खिलाड़ी के रूप में आपने प्रगति की है। यह आपने टीम के लिए जो भी किया है उसके पुरस्कार की तरह हैं। मैं इस भूमिका को लेकर रोमांचित हूं।’’
उन्होंने कहा, ‘‘हमारी अधिकांश टीम पहले वाली है, पिछले तीन-चार साल से वही खिलाड़ी खेल रहे हैं। हम अपने खिलाड़ियों को अच्छी तरह जानते हैं और यह महत्वपूर्ण बिंदू है।’’
दिसंबर में कार दुर्घटना में चोटिल हुए ऋषभ पंत के स्थान पर दिल्ली की टीम ने मौजूदा सत्र में ऑस्ट्रेलिया के डेविड वार्नर को कप्तान नियुक्त किया है। अक्षर ने कहा कि वह नए कप्तान वार्नर का पूरा समर्थन करेंगे।
उन्होंने कहा, ‘‘डेविड प्रतिभावान खिलाड़ी है। मैं उसे ऐसा माहौल दूंगा जिसमें वह अपनी क्षमता का सर्वश्रेष्ठ इस्तेमाल कर सके। जब आप दिल्ली कैपिटल्स के शिविर से जुड़ते हैं तो यह पूरी तरह से अलग अहसास होता है। तीन-चार साल से फ्रेंचाइजी के साथ हूं और यह घर की तरह लगता है।’’
दिल्ली की टीम अपने अभियान की शुरुआत एक अप्रैल को लखनऊ सुपर जाइंट्स के खिलाफ उसी के मैदान पर करेगी और फिर चार अप्रैल को अपने मैदान पर गत चैंपियन गुजरात टाइटंस से खेलेगी।
क्रिस्टिया ने मियामी में सबालेंका को हराया
मियामी गार्डन्स, 30 मार्च (एपी) सोरेना क्रिस्टिया ने ऑस्ट्रेलियाई ओपन चैंपियन एरिना सबालेंका को मियामी ओपन में सीधे सेट में हराकर एक दशक में पहली बर डब्ल्यूटीए 1000 टेनिस प्रतियोगिता के सेमीफाइनल में जगह बनाई।
क्रिस्टिया ने दूसरे नंबर की खिलाड़ी सबालेका को 6-4, 6-4 से हराया। सबालेंका शीर्ष रैंकिंग वाली खिलाड़ी हैं जिन्हें क्रिस्टिया ने शिकस्त दी है। क्रिस्टिया ने इससे पहले इसी महीने इंडियन्स वेल्स में चौथे नंबर की खिलाड़ी कैरोलिन गार्सिया को हराया था और फिर मियामी में भी दूसरे दौर में गार्सिया को शिकस्त दी।
अपने करियर में दो एकल खिताब जीतने वाली रोमानिया की दुनिया की 74वें नंबर की खिलाड़ी क्रिस्टिया अगले दौर में पेत्रा क्वितोवा और एकाटेरिना एलेक्सांद्रोवा के बीच होने वाले मुकाबले की विजेता से भिड़ेंगी। क्वितोवा और एलेक्सांद्रोवा के बीच मुकाबला बुधवार रात होना था लेकिन बारिश के कारण इसे गुरुवार के लिए स्थगित कर दिया गया। शीर्ष रैंकिंग के पुरुष खिलाड़ी कार्लोस अल्कारेज और 10वें नंबर के खिलाड़ी टेलर फ्रिट्ज के बीच होने वाला मुकाबला भी स्थगित हो गया। पुरुष वर्ग में 11वें नंबर के खिलाड़ी यानिक सिनर ने एमिल रूसुवोरी को 6-3, 6-1 से शिकस्त दी।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia commons