पुदुकोट्टई (तमिलनाडु), तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय ने करीब 68.31 करोड़ रुपये की लागत से पूरी हुई 44 विकास परियोजनाओं का सोमवार को यहां उद्घाटन किया और 11.72 करोड़ रुपये की लागत वाली 70 नयी परियोजनाओं की आधारशिला रखी।
मुख्यमंत्री बनने के बाद विजय का इस जिले का यह पहला आधिकारिक दौरा था। उन्होंने मई में मुख्यमंत्री पद की जिम्मेदारी संभाली थी। इस अवसर पर 23.25 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित बस टर्मिनल का उद्घाटन प्रमुख आकर्षण रहा। इस टर्मिनल में 60 बस-बे व्यावसायिक परिसर प्रतीक्षालय तथा स्तनपान कराने वाली माताओं और दिव्यांगजनों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध हैं।
इसके अलावा उन्होंने 6.29 करोड़ रुपये की लागत से बने नए बहुउद्देश्यीय इनडोर खेल स्टेडियम का भी उद्घाटन किया। इस स्टेडियम में स्थानीय खिलाड़ियों को बैडमिंटन वॉलीबॉल कबड्डी और टेबल टेनिस जैसे खेलों का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इस मौके पर मुख्यमंत्री ने 13 676 लाभार्थियों को कुल 62.73 करोड़ रुपये की कल्याणकारी सहायता भी वितरित की।
इससे पहले उन्होंने स्थानीय कृषि उत्पादों का निरीक्षण किया और किसानों से उनकी जरूरतों के बारे में संक्षिप्त बातचीत की। एक सूत्र ने बताया कि चर्चा के दौरान सिंचाई के लिए कावेरी नदी के पानी की जरूरत पर जोर दिया गया क्योंकि कई इलाकों में फिलहाल पानी की कमी का सामना करना पड़ रहा है।
विजय विशेष विमान से चेन्नई से तिरुचिरापल्ली पहुंचे। इसके बाद सड़क मार्ग से करीब 55 किलोमीटर की यात्रा कर वह पुदुकोट्टई पहुंचे। इस दौरान उन्होंने रोड शो भी किया जिसमें बड़ी संख्या में लोग सड़क के दोनों ओर कतारबद्ध होकर उनका अभिवादन करते नजर आए।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया फोटो क्रेडिट : Wikimedia common