पटना, बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिला पदाधिकारियों से सरकार की योजनाओं को तेजी और बेहतर ढंग से क्रियान्वित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि बिहार को देश के सर्वाधिक पांच विकसित राज्यों में शामिल करने के लक्ष्य को हासिल करने के लिए तय योजनाओं पर युद्धस्तर पर काम करते हुए उन्हें समयबद्ध ढंग से पूरा किया जाए।
मुख्यमंत्री ने गयाजी स्थित बिहार लोक प्रशासन एवं ग्रामीण विकास संस्थान (बिपार्ड) में आयोजित ‘मंथन 2025’ दो दिवसीय कार्यशाला का उद्घाटन करने बाद उन्हें संबोधित करते हुए यह बात कही। इस कार्यशाला में राज्य के सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिला पदाधिकारियों ने भाग लिया।
कुमार ने अधिकारियों से कहा कि वे पूरी संवेदनशीलता लगन और ईमानदारी के साथ जनकल्याण के लिए कार्य करें। उन्होंने कहा कि जनता को प्रशासन से काफी अपेक्षाएं होती हैं और इन अपेक्षाओं पर खरा उतरना अधिकारियों की जिम्मेदारी है।
इस कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री को पुष्पगुच्छ और प्रतीक चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया। उन्होंने ‘मंथन 2025’ में शामिल सभी प्रमंडलीय आयुक्तों और जिला पदाधिकारियों के साथ तस्वीर भी खिंचवाई।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने बिपार्ड परिसर में संवाद वाटिका योगा परिसर बिपार्ड लॉन नक्षत्र वन पुनर्योजित ब्रह्मयोनि सरोवर हॉर्स राइडिंग ट्रैक पुस्तकालय (विक्रमशिला) मोटर वाहन प्रशिक्षण केंद्र अंतरिक्ष गैलरी बिपार्ड दीर्घा और उत्कृष्टता केंद्र का शिलापट्ट अनावरण कर उद्घाटन किया। उद्घाटन के पश्चात उन्होंने इन सभी केंद्रों का निरीक्षण किया और वहां उपलब्ध सुविधाओं व व्यवस्थाओं की जानकारी भी ली।
इसके बाद मुख्यमंत्री ने महाबोधि मंदिर में पूजा-अर्चना कर राज्य की सुख शांति और समृद्धि की कामना की। इस अवसर पर बोधगया मंदिर प्रबंधन की ओर से मुख्यमंत्री को प्रतीक चिह्न भेंट किया गया।
क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common