अयोध्या-अहमदाबाद के बीच शुरू हुई इंडिगो की हवाई सेवा

लखनऊ, अयोध्या में श्री राम के दर्शन-पूजन के इच्छुक श्रद्धालुओं/पर्यटकों को अहमदाबाद-अयोध्या के बीच सीधी हवाई सेवा का विकल्प प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बृहस्पतिवार को आयोजित एक कार्यक्रम में अहमदाबाद – अयोध्या के लिए इंडिगो एयरलाइंस की सीधी हवाई सेवा को हरी झंडी दिखाई।

            अयोध्या-अहमदाबाद के बीच नई हवाई सेवा आरंभ होने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि इस उड़ान सेवा से भगवान श्री राम की नगरी अयोध्या, हवाई सेवा द्वारा, सीधे अहमदाबाद से जुड़ गयी है।

            एक सरकारी बयान के मुताबिक, दिल्ली के बाद अयोध्या से जुड़ने वाला अहमदाबाद दूसरा प्रमुख शहर है। आगामी 15 जनवरी से मुम्बई के लिए उड़ान सेवा आरम्भ हो जाने के पश्चात मुम्बई तीसरा स्थल हो जाएगा। इसके अतिरिक्त, 16 जनवरी, 2024 से दिल्ली के लिए एक और उड़ान आरम्भ हो रही है।

  मुख्यमंत्री ने बेहतर हवाई सेवाओं को पर्यटन और व्यापार गतिविधियों को प्रोत्साहित करने वाला बताया।

  प्रदेश में बेहतर होती हवाई सेवाओं की चर्चा करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2016-17 में प्रदेश में हवाई यात्रियों की संख्या 59.97 लाख थी, जो वित्तीय वर्ष 2022-23 में बढ़कर 96.02 लाख हो गयी। विगत तीन वर्षों में प्रदेश में हवाई यात्रियों की संख्या में 29.46 प्रतिशत की वृद्धि दर्ज की गयी है।

  मुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या में पांच वर्ष पहले तक एक छोटी सी हवाई पट्टी थी लेकिन आज वहां महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अडडा संचालित हो रहा है। आज हर व्यक्ति अयोध्या आने का इच्छुक है। इसलिए प्रधानमंत्री जी के विजन के अनुरूप सरकार ने सड़क, रेल और वायु मार्ग की बेहतर कनेक्टिविटी दी है।

   कार्यक्रम में, इंडिगो एयरलाइंस के स्पेशल डायरेक्टर आरके सिंह ने देश के सिविल एविएशन सेक्टर में इंडिगो एयरलाइंस की मजबूत उपस्थिति की जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में इंडिगो हर दिन उत्तर प्रदेश के सात हवाईअड्डों से 165 उड़ानें भर रहा है। आने वाले दिनों में इसमें और बढ़ोतरी सुनिश्चित है।

  अयोध्या-अहमदाबाद के बीच शुरू नई फ्लाइट के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि दोनों ओर से फ्लाइट सप्ताह में तीन दिन उपलब्ध होगी। इस मौके पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया और फ्लाइट संख्या 6ई112 की अयोध्या से पहली उड़ान के पहले यात्री को बोर्डिंग पास भी प्रदान किया गया।  वर्चुअल माध्यम से हुए इस कार्यक्रम में सांसद लल्लू सिंह और सांसद किरीट प्रेमजीभाई सोलंकी और इंडिगो के प्रतिनिधियों की भी उपस्थिति रही।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: