अर्शदीप ने 25 मीटर पिस्टल का टी3 ट्रायल जीता

नयी दिल्ली, अर्शदीप कौर ने दोहरी ओलंपिक पदक विजेता मनु भाकर सहित शीर्ष निशानेबाजों को पछाड़ते हुए राष्ट्रीय चयन ट्रायल (ग्रुप ए) की 25 मीटर महिला पिस्टल स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता।

क्वालीफाइंग दौर में आठवें स्थान पर रहते हुए फाइनल में जगह बनाने वाली पंजाब की निशानेबाज ने आठ निशानेबाजों के फाइनल में अनुभवी दिव्या टीएस को 37-36 से पछाड़कर शीर्ष स्थान हासिल किया।

एशियाई खेलों की पूर्व चैंपियन राही सरनोबत ने 33 अंक के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। सरनोबत को इससे पहले शूट ऑफ में दिव्या ने पछाड़ा था।

मनु फाइनल में छठे स्थान पर रहीं। उन्होंने दो दिन चले क्वालीफाइंग दौर में प्रिसिजन और रैपिड में कुल 582 अंक (प्रिसिजन में 287  रैपिड में 295) के साथ शीर्ष पर रहते हुए फाइनल में प्रवेश किया था।

सरनोबत (प्रिसिजन 292  रैपिड 288) और दिव्या (प्रिसिजन 290  रैपिड 290) दोनों ने 580 का समान स्कोर बनाया लेकिन ‘एक्स’ (बुल्स आई) पर अधिक निशाने लगाने के कारण सरनोबत दूसरे स्थान पर रहीं। सरनोबत ने ‘एक्स’ पर 20 जबकि दिव्या ने 13 निशाने लगाए।

अर्शदीप ने कुल 575 अंक (प्रिसिजन 285  रैपिड 290) के साथ आठवां स्थान हासिल किया।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: