असम : असम राइफल्स के जवानों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ में एक जवान घायल

तिनसुकिया/गुवाहटी  असम के तिनसुकिया जिले में मंगलवार को असम राइफल्स के जवानों और संदिग्ध उग्रवादियों के बीच हुई मुठभेड़ में एक जवान घायल हो गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। तिनसुकिया के पुलिस अधीक्षक गौरव अभिजीत दिलीप के अनुसार  आज सुबह असम-अरुणाचल प्रदेश सीमा के पास स्थित मार्गेरिटा के नामदांग में जवानों और उग्रवादियों के बीच मुठभेड़ हुई थी।  

उन्होंने पीटीआई-भाषा को बताया कि 31 असम राइफल्स का काफिला अरुणाचल प्रदेश के चांगलांग से मार्गेरिटा की ओर आ रहा था  तभी अज्ञात उग्रवादियों ने उन पर गोलीबारी कर दी। बल ने भी जवाबी कार्रवाई की। ’’ दिलीप ने बताया कि इस मुठभेड़ में असम राइफल्स का एक जवान घायल हो गया।  

उन्होंने कहा    इसमें एक उग्रवादी के भी घायल होने की सूचना है  लेकिन हम अभी इसकी पुष्टि नहीं कर सकते। फिलहाल संयुक्त तलाशी अभियान जारी है। दिलीप ने बताया कि उन उग्रवादियों की तुरंत पहचान नहीं हो पाई है  लेकिन इस क्षेत्र में नेशनल सोशलिस्ट काउंसिल ऑफ नागालैंड (एनएससीएन) और यूनाइटेड लिबरेशन फ्रण्ट ऑफ असम (आई) सक्रिय हैं। असम राइफल्स के एक वरिष्ठ अधिकारी ने घटना की पुष्टि की और कहा कि घायल जवान को हेलिकॉप्टर से निकाल कर अस्पताल पहुंचाया गया।  

उन्होंने नाम न छापने की शर्त पर पीटीआई-भाषा को बताया    वहां तीन गाड़ियां थीं और कुछ उग्रवादियों ने घात लगाकर असम राइफल्स के गश्ती काफिले पर हमला कर दिया। हमला नाकाम कर दिया गया। एक जवान को मामूली चोट आई है और अब उसकी हालत स्थिर है। अधिकारी ने कहा कि फिलहाल अधिक जानकारी की प्रतीक्षा है। उन्होंने कहा    हमें अभी तक घटनास्थल से विस्तृत सूचना नहीं मिली है और हम आगे की जानकारी बाद में ही साझा कर सकते हैं।  इसी बीच कथित तौर पर यूनाइटेड लिबरेशन फ्रंट ऑफ असोम (स्वतंत्र) प्रचार विभाग के सदस्य कैप्टन रुमेल असोम ने एक ईमेल के जरिये हमले की जिम्मेदारी ली। इसमें दावा किया गया है कि प्रतिबंधित उग्रवादी संगठन के दो कैडरों की मौत का बदला लेने के लिए  ऑपरेशन प्रतिशोध  चलाया गया था।

क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडिया
फोटो क्रेडिट : Wikimedia common

%d bloggers like this: