दर्रांगा (असम), असम के दर्रांगा में भारत-भूटान सीमा पर पहली एकीकृत जांच चौकी (आईसीपी) का बृहस्पतिवार को उद्घाटन किया गया। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। असम के राज्यपाल लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने भूटान के प्रधानमंत्री दाशो शेरिंग तोबगे की मौजूदगी में आईसीपी दर्रांगा का उद्घाटन किया। आईसीपी दर्रांगा 14.5 एकड़ में फैली है और भारत-भूटान सीमा से लगभग 700 मीटर की दूरी पर स्थित है। यह अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित है जिसमें एक कार्यालय परिसर पार्किंग क्षेत्र लोडिंग और अनलोडिंग क्षेत्र एक तौल पुल एक गोदाम और अधिकारियों के लिए आवासीय क्वार्टर शामिल हैं। भारतीय भूमि पत्तन प्राधिकरण द्वारा विकसित इस परियोजना में कुशल परिचालन सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण स्थान ‘प्लांट क्वारंटाइन सिस्टम’ और पार्किंग सुविधाएं भी उपलब्ध हैं। भारत की ओर यह रंगिया के निकट राष्ट्रीय राजमार्ग 27 से जुड़ी है जबकि भूटान की ओर यह समद्रुप-जोंगखार में मजबूत सीमा शुल्क अवसंरचना के तौर कुशल व्यापार सुनिश्चित करती है। समद्रुप-जोंगखार से ताशीगांग तक राजमार्ग में जारी सुधार से संपर्क (कनेक्टिविटी) और व्यापार की संभावनाओं में और वृद्धि होने की उम्मीद है।क्रेडिट : प्रेस ट्रस्ट ऑफ़ इंडियाफोटो क्रेडिट : Wikimedia common